स्पेशल ओलंपिक में चमके विशेष खिलाड़ी, दीप्ती रावत भारद्वाज ने बढ़ाया उत्साह

देहरादून: राजधानी देहरादून स्थित हिमाद्री आइस रिंक में आयोजित स्पेशल ओलंपिक भारत नेशनल चैंपियनशिप का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। समारोह में भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड की प्रदेश महामंत्री दीप्ती रावत भारद्वाज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर दीप्ती रावत भारद्वाज ने कहा कि विशेष खिलाड़ी अपनी मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर समाज के सामने प्रेरणा का उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने यह साबित किया है कि यदि संकल्प मजबूत हो तो कोई भी चुनौती सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती।

उन्होंने कहा कि स्पेशल ओलंपिक जैसे आयोजन केवल खेल प्रतियोगिताएं नहीं हैं, बल्कि समान अवसर, समावेशिता और सामाजिक संवेदनशीलता को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम भी हैं। ऐसे मंच विशेष खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ-साथ समाज को सकारात्मक संदेश भी देते हैं। प्रदेश महामंत्री ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड तथा देश का नाम रोशन करेंगे।
दीप्ती रावत भारद्वाज ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए स्पेशल ओलंपिक भारत के आयोजकों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों और स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्पण और सहयोग से विशेष खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग का दायित्व है कि ऐसे खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और सम्मान मिले, ताकि वे अपने सपनों को साकार कर सकें।


