देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने खुद को कांग्रेस नेता राहुल गांधी का निजी सहायक (PA) बताकर राज्य आंदोलनकारी भावना पांडेय से 25 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता भावना पांडेय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपी ने अपना नाम कनिष्क बताया और खुद को राहुल गांधी का PA बताया। भरोसा जीतने के लिए आरोपी ने कथित तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, यशपाल आर्य, हरक सिंह रावत और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की आवाज भी फोन पर सुनाई, जिससे पीड़िता उसके झांसे में आ गई।
आरोपी ने भावना पांडेय को विश्वास दिलाया कि वह उन्हें विधानसभा चुनाव का टिकट दिलवा सकता है। इसके लिए उसने एक विधायक से मुलाकात कराने का झांसा दिया और धीरे-धीरे लाखों रुपये की मांग शुरू कर दी। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने बताया कि कुछ विधायक देहरादून के एक होटल में रुके हुए हैं और चुनावी सर्वे के लिए आए हैं। इसी बहाने खर्च का हवाला देकर उससे पैसे मांगे गए। भावना पांडेय ने बताया कि 13 अप्रैल 2026 को उन्होंने अपने बैंक खाते से करीब 9.5 लाख रुपये ट्रांसफर किए और लगभग 5 लाख रुपये नकद दिए। इसके अलावा अलग-अलग किस्तों में एक अन्य व्यक्ति, जिसे आरोपी ने महाराष्ट्र का विधायक बताया था, को भी रकम दी गई। इस तरह कुल मिलाकर 25 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए गए।
लंबे समय तक वादा पूरा नहीं होने और टालमटोल के बाद पीड़िता को ठगी का एहसास हुआ। जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने संपर्क करना बंद कर दिया। इसके बाद भावना पांडेय ने राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता का दावा है कि यह एक संगठित गिरोह है, जो कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चुनाव टिकट दिलाने का झांसा देकर ठगी करता है। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।