देहरादून: राज्य आंदोलनकारी भावना पांडेय से 25 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने खुद को कांग्रेस नेता राहुल गांधी का निजी सहायक (PA) बताकर टिकट दिलाने का झांसा दिया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान गौरव कुमार (42) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में नेहरू कॉलोनी, देहरादून में रह रहा था और मूल रूप से पंजाब का निवासी है। उसे जाखन क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने गूगल के जरिए बड़े राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं, उनके सहयोगियों और करीबी लोगों की जानकारी जुटाई थी। इसी दौरान उसे कनिष्क सिंह नाम के एक व्यक्ति के बारे में जानकारी मिली, जो कभी एक राष्ट्रीय पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी का निजी सचिव रह चुका था। आरोपी ने इसी नाम का सहारा लेकर लोगों को झांसे में लेना शुरू किया। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी कई राज्यों में ठगी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। वर्ष 2017 में राजस्थान के जयपुर में उसने दो नेताओं से टिकट दिलाने के नाम पर क्रमशः 1.90 करोड़ और 12 लाख रुपये ठगे थे। इसके अलावा, वर्ष 2025 में बिहार के पटना में भी एक नेता को पार्टी में पद दिलाने का झांसा देकर 3 लाख रुपये की ठगी की थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने ‘कनिष्क सिंह’ के नाम से ट्रू-कॉलर पर फर्जी पहचान बनाई और neta.com वेबसाइट के माध्यम से देशभर के नेताओं की जानकारी जुटाई। इसके बाद उसने अपने तीन साथियों—छज्जू, रजत मदान और मनिंदर सिंह कालू—के साथ मिलकर संगठित तरीके से कई लोगों को ठगा। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े और भी मामलों का खुलासा हो सकता है।