नैनीताल में छात्रा की मौत से सनसनी, परिजनों ने शिक्षक पर लगाया प्रताड़ना का आरोप

नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है, जहां बीएससी थर्ड ईयर की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों ने शिक्षक पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। मिली जानकारी के अनुसार, सिमरन आर्य (20) डीएसबी कैंपस, नैनीताल में बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा थी। परिजनों का आरोप है कि कॉलेज में एक शिक्षक द्वारा सबके सामने डांटे जाने के बाद वह मानसिक रूप से परेशान चल रही थी।

मंगलवार सुबह स्टाफ हाउस क्षेत्र स्थित कमरे में सिमरन ने खुद को अंदर बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर परिजनों और आसपास के लोगों को शक हुआ। दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो सिमरन अचेत अवस्था में मिली। तुरंत उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। परिजनों के अनुसार, सिमरन पढ़ाई में बेहद होनहार थी और 10वीं व 12वीं की टॉपर रह चुकी थी। कुछ समय पहले ही उनके पिता का निधन हो गया था, जिसके बाद परिवार कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा था। सिमरन अपने दो भाइयों और मां के साथ किराए के मकान में रहती थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजनों ने संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *