उत्तराखण्ड

ऋषिकेश में अवैध निर्माण पर एमडीडीए का सख्त वार, बिना नक्शे की बहुमंजिला इमारत सील

मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऋषिकेश के हरिद्वार रोड पर एक बहुमंजिला इमारत को सील कर दिया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध निर्माण कराने वालों में हड़कंप मच गया है। प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार, रिया अरोड़ा और गोपाल सती द्वारा बिना स्वीकृत मानचित्र के भवन का निर्माण किया जा रहा था। एमडीडीए ने कई बार नोटिस और चेतावनी जारी की, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा। नियमों की लगातार अनदेखी पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए इमारत को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।

यह कार्रवाई एसडीएम ऋषिकेश के निर्देश पर की गई। मौके पर एमडीडीए के सहायक अभियंता, तहसील प्रशासन की टीम और भारी पुलिस बल मौजूद रहा, ताकि कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से पूरी की जा सके। एमडीडीए इन दिनों देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में अवैध प्लॉटिंग और निर्माण के खिलाफ अभियान चला रहा है। प्राधिकरण का कहना है कि बिना अनुमति के निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण क्षेत्र में किसी भी तरह का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी निर्माण कार्य स्वीकृत मानचित्र और निर्धारित मानकों के अनुसार ही होने चाहिए। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है। वहीं, एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि यह कार्रवाई मिली शिकायतों के आधार पर की गई है और प्राधिकरण लगातार निगरानी बनाए हुए है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि अवैध निर्माण की सूचना समय रहते दें, ताकि तुरंत कार्रवाई की जा सके। प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि शहरी विकास में नियमों का पालन अनिवार्य है और उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News