रेखा आर्य का खड़गे पर पलटवार, बोलीं- हल्द्वानी मामले में लगाए आरोप ‘सफेद झूठ’

देहरादून:- उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी घटनाक्रम को लेकर दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने खड़गे के आरोपों को ‘सफेद झूठ’ बताते हुए कहा कि कांग्रेस देवभूमि को बांटने की राजनीति कर रही है। रेखा आर्य ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी कथित विफल रैली और नेताओं के व्यवहार से उठे सवालों से ध्यान हटाने के लिए इस मुद्दे को राजनीतिक रंग दे रही है। मीडिया से बातचीत में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की रैली के दौरान दो दिनों तक आयोजित धार्मिक कार्यक्रम का भाजपा या राज्य सरकार से कोई संबंध नहीं था। उन्होंने कहा कि संबंधित संस्था ने कार्यक्रम के उद्देश्य को उसी समय मीडिया के सामने स्पष्ट कर दिया था। रेखा आर्य के मुताबिक, कार्यक्रम में शामिल कई लोग अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग से भी संबंधित थे।
कांग्रेस पर जातिवादी राजनीति का आरोप
रेखा आर्य ने प्रदेश कांग्रेस नेताओं पर झूठ, अफवाह और भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की रैली में अपेक्षित संख्या में लोगों के नहीं पहुंचने के बाद पार्टी नेताओं ने प्रशासनिक कार्यालयों में जाकर कथित तौर पर अराजकता और अभद्रता की। मंत्री ने दावा किया कि अब इसी मुद्दे से ध्यान हटाने के लिए जातिवादी राजनीति का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि संभव है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को प्रदेश के नेताओं ने घटना को लेकर गलत जानकारी दी हो। हालांकि, यदि उन्हें पूरी जानकारी होने के बावजूद संसद में इस मुद्दे को गलत तरीके से उठाया गया है तो यह और भी गंभीर तथा दुर्भाग्यपूर्ण है।
संसद में मुद्दा उठाने पर जताई चिंता
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि किसी राष्ट्रीय राजनीतिक दल के अध्यक्ष की ओर से संसद जैसे महत्वपूर्ण मंच पर कथित तौर पर वस्तुस्थिति से अलग जानकारी रखना चिंता का विषय है। उन्होंने सवाल उठाया कि राजनीतिक लाभ के लिए इस तरह के आरोप क्या उत्तराखंड के सामाजिक माहौल और प्रदेश की छवि को नुकसान नहीं पहुंचा सकते? रेखा आर्य ने कहा कि देवभूमि की सामाजिक एकता, सौहार्द और समावेशी वातावरण को किसी भी राजनीतिक उद्देश्य के लिए प्रभावित करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर सनातन समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप भी लगाया।
2027 चुनाव को लेकर कांग्रेस पर निशाना
रेखा आर्य ने कहा कि उत्तराखंड की जनता समाज को बांटने वाली राजनीति को पहले भी नकारती रही है और आगे भी इसका जवाब देगी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए इस तरह की राजनीतिक रणनीति अपना रही है। कैबिनेट मंत्री ने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की कथित विभाजनकारी राजनीति को खारिज करेगी और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में समर्थन देकर इसका जवाब देगी।




