उत्तराखण्ड

देहरादून में भूमि धोखाधड़ी के फरार आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा, ढोल-नगाड़ों के साथ कराई मुनादी

कांग्रेस नेता, उसके बेटे समेत तीन आरोपियों के घर चस्पा किए कोर्ट के उद्घोषणा नोटिस, NBW के बाद भी चल रहे थे फरार

देहरादून। भूमि धोखाधड़ी के मामलों में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ देहरादून पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। रायपुर थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर भूमि धोखाधड़ी के एक मामले में फरार चल रहे कांग्रेस नेता, उसके बेटे समेत तीन आरोपियों के खिलाफ उद्घोषणा की कार्रवाई की। पुलिस टीम ने आरोपियों के घर और आसपास के प्रमुख स्थानों पर ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराई और न्यायालय की ओर से जारी नोटिस चस्पा किए।

जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, बनगांव निवासी और वर्तमान में केसरवाला में रहने वाले भानु प्रकाश भट्ट ने रायपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कांग्रेस नेता सूरत सिंह नेगी, उनके बेटे हर्षवर्धन नेगी और मोहित पुरी पर मजरा जॉलियो स्थित करीब सवा बीघा जमीन से संबंधित फर्जी दस्तावेज तैयार करने और उसे अन्य लोगों को बेचने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया था।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, वह उक्त भूमि पर केयरटेकर के तौर पर काम करते हैं। आरोप है कि आरोपियों ने जमीन पर लगी तारबाड़ को नुकसान पहुंचाया और कथित तौर पर अवैध कब्जे का प्रयास किया। इस दौरान मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं। इस मामले में रायपुर थाने में BNS की धारा 318(4), 336(3), 338, 61(2), 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

NBW जारी होने के बाद भी गिरफ्तारी नहीं

पुलिस के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून एसएसपी के निर्देश पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर गिरफ्तारी के प्रयास किए, लेकिन तीनों आरोपी लगातार फरार रहे। इसके बाद पुलिस ने न्यायालय से तीनों आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) हासिल किया। NBW जारी होने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।

कोर्ट के आदेश पर धारा 84 के तहत कार्रवाई

आरोपियों के लगातार फरार रहने के बाद पुलिस ने न्यायालय से BNSS की धारा 84 के तहत उद्घोषणा की कार्रवाई के आदेश प्राप्त किए। इसी आदेश के अनुपालन में रायपुर पुलिस ने मंगलवार, 11 अगस्त को आरोपियों के निवास स्थानों पर पहुंचकर मुनादी कराई।

ढोल-नगाड़ों के साथ सार्वजनिक स्थानों पर मुनादी

पुलिस टीम ने आरोपियों के घरों के साथ-साथ आसपास के सार्वजनिक स्थानों और प्रमुख चौराहों पर ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराई। इसके अलावा आरोपियों के मकानों के मुख्य गेट और मोहल्ले के प्रमुख स्थानों पर न्यायालय की ओर से जारी उद्घोषणा नोटिस चस्पा किए गए। मुनादी के दौरान पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने की जानकारी दी। साथ ही न्यायालय के आदेशों का निर्धारित समय में पालन नहीं करने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी

रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार के मुताबिक, भूमि धोखाधड़ी के मामले में सूरत सिंह नेगी, हर्षवर्धन सिंह और मोहित कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। न्यायालय के आदेश के तहत उनके आवास और सार्वजनिक स्थानों पर उद्घोषणा संबंधी नोटिस चस्पा किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों के खिलाफ न्यायालय की प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News