उत्तराखण्ड

Uttarakhand Weather Update 15 August 2026: उत्तराखंड में अगले दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में ऑरेंज चेतावनी

Uttarakhand Weather Update

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर तेज रहने का अनुमान जताया है। शनिवार 15 अगस्त और रविवार 16 अगस्त को कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को देहरादून समेत उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहे। कई क्षेत्रों में तेज बारिश दर्ज की गई। मैदानी इलाकों में बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बनी, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाओं से यातायात प्रभावित हुआ।

 आज इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार 15 अगस्त को पिथौरागढ़ और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इन दोनों जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, नैनीताल और चंपावत में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने और बेहद तेज बारिश होने की आशंका जताई है।

रविवार को और बढ़ेगी बारिश की सक्रियता

मौसम विभाग के मुताबिक रविवार 16 अगस्त को उत्तराखंड में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। इस दिन देहरादून, चंपावत, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने और अत्यंत तीव्र वर्षा के दौर आने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।

बारिश से मैदानी और पहाड़ी इलाकों में बढ़ी परेशानी

शुक्रवार को हुई तेज बारिश का असर प्रदेश के कई हिस्सों में देखने को मिला। मैदानी क्षेत्रों में कई स्थानों पर सड़कों पर पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के चलते भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं। लगातार बारिश को देखते हुए संवेदनशील पर्वतीय मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

Uttarakhand Temperature: बारिश के बीच गिरा तापमान

बारिश के चलते उत्तराखंड के कई शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को देहरादून में अधिकतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24.3 डिग्री रहा। पंतनगर में अधिकतम तापमान 29.0 और न्यूनतम 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 17.7 और न्यूनतम 16.5 डिग्री सेल्सियस रहा । नई टिहरी में अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री और न्यूनतम 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लोगों को अनावश्यक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों की यात्रा से बचने और मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मैदानी क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए विशेष सावधानी बरतना जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News