उत्तराखण्ड

स्वतंत्रता दिवस पर CM धामी का संदेश: उत्तराखंड को आदर्श, विकसित और आत्मनिर्भर राज्य बनाने का आह्वान

देहरादून: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए उत्तराखंड के विकास और आत्मनिर्भरता के लिए सामूहिक भागीदारी का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड ने पर्यटन, वेडिंग और शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है। उन्होंने प्रदेशवासियों से राज्य को आदर्श, विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग देने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपनी सैन्य परंपरा, वीरता और राष्ट्रभक्ति की गौरवशाली विरासत के लिए जाना जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में करीब दो लाख करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं पर काम चल रहा है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में उत्तराखंड अपनी अहम भूमिका निभा रहा है।

निवेश और औद्योगिक विकास को मिल रहा बढ़ावा

सीएम धामी के मुताबिक प्रदेश में औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने के लिए 30 से अधिक नई नीतियां लागू की गई हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास के लिए मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास योजना और वाइब्रेंट विलेज योजना के जरिए गांवों में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड की शुरुआत की गई है। इसके साथ ही सेब, कीवी और ड्रैगन फ्रूट मिशन तथा सगंध कृषि को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

UCC और सख्त भू-कानून का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला स्वतंत्र भारत का पहला राज्य बना है। धर्मांतरण रोकने के लिए बनाए गए कानून को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनभावनाओं के अनुरूप प्रदेश में सख्त भू-कानून भी लागू किया गया है। सरकार की नकल विरोधी नीति का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नकल विरोधी कानून को प्रभावी तरीके से लागू किया गया है और नकल माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। पिछले पांच वर्षों में सरकारी सेवाओं में 34 हजार से अधिक नियुक्तियां की गई हैं।

चारधाम यात्रा में 47 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर यात्रा प्रबंधन और व्यवस्थाओं के चलते इस वर्ष अब तक 47 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर पहुंच चुके हैं। वहीं प्रसिद्ध कांवड़ यात्रा में करीब पांच करोड़ शिव भक्त पवित्र गंगाजल लेकर सकुशल अपने गंतव्य की ओर लौटे। उन्होंने बताया कि कैलाश मानसरोवर यात्रा के संचालन के साथ-साथ प्रदेश में शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देने के लिए भी महत्वपूर्ण पहल की गई है।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर सरकार का जोर

सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने के साथ ही सहकारी समितियों में भी 33 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री नारी सशक्तिकरण योजना, लखपति दीदी योजना समेत विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश में अब तक तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News