शिक्षा मंत्री का सतपुली दौरा, कॉलेज और पॉलिटेक्निक निर्माण कार्यों की समीक्षा

पौड़ी गढ़वाल: प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने पौड़ी दौरे के दूसरे दिन सतपुली क्षेत्र में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने राजकीय महाविद्यालय सतपुली में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कॉलेज के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि सतपुली क्षेत्र लंबे समय से उच्च शिक्षा के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाओं का इंतजार कर रहा था, जो अब पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय को स्थायी भवन मिलने से अब क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्हें स्थानीय स्तर पर ही बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सुविधा मिलेगी।

अपने दौरे के दौरान मंत्री ने सतपुली स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज के निर्माणाधीन भवन का भी स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं और गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है, ताकि पहाड़ी क्षेत्रों के युवाओं को बेहतर अवसर मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *