पौड़ी: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा को खतरे में डालने का एक गंभीर मामला सामने आया है। टिहरी जिले के लंबगांव में पुलिस की सतर्कता से बड़ा सड़क हादसा टल गया। यहां चेकिंग के दौरान पुलिस ने शराब के नशे में बस चला रहे चालक को पकड़ लिया। चालक करीब 55 किलोमीटर तक नशे की हालत में तेज रफ्तार से बस दौड़ाता रहा, जिसमें 28 यात्री सवार थे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बस को रुकवाया और सभी यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया।
55 किलोमीटर तक नशे में बस चलाता रहा चालक
पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे उत्तरकाशी से श्रीनगर गढ़वाल की ओर जा रही यात्री बस संख्या UK 10PA 1010 को लंबगांव थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान रोका। बस जय काशी विश्वनाथ सेवा की थी। बस के चलने के तरीके और चालक की गतिविधियों पर पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद चालक की एल्कोमीटर से जांच की गई, जिसमें उसके अत्यधिक शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
बस में सवार थे चारधाम यात्रा पर जा रहे 28 यात्री
बस में चारधाम यात्रा के लिए निकले 28 यात्री सवार थे। इनमें कोलकाता और महाराष्ट्र के श्रद्धालु शामिल थे, जो बाबा केदारनाथ और बदरी विशाल के दर्शन के लिए जा रहे थे। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने तत्काल बस को अपने कब्जे में ले लिया और चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू की। लंबगांव पुलिस ने यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए दूसरी बस की व्यवस्था की। इसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित श्रीनगर के लिए रवाना कर दिया गया। पुलिस की तत्परता से एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गई। यात्रियों ने भी पुलिस की सतर्कता और जिम्मेदारी की सराहना की।
बस की गतिविधियों पर हुआ पुलिस को शक
लंबगांव थाना प्रभारी महिपाल सिंह रावत ने बताया कि बस उत्तरकाशी से श्रीनगर की ओर जा रही थी और उसमें चारधाम यात्रा के श्रद्धालु सवार थे। बस में कुल 28 यात्री थे। लंबगांव के आगे सड़क पर बस की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे रोककर चालक की एल्कोमीटर से जांच की। जांच में चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
बस सीज, चालक का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति
पुलिस के मुताबिक, चालक ने करीब 55 किलोमीटर तक शराब के नशे में बस चलाकर यात्रियों की जान जोखिम में डाली। मामले में पुलिस ने बस को सीज कर दिया है और चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके साथ ही चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए संबंधित विभाग को संस्तुति भेजी गई है। पुलिस ने बताया कि बस में चालक और परिचालक सहित कुल 30 लोग सवार थे। समय रहते की गई कार्रवाई से सभी यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया।