देहरादून: दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों और मोहल्लों में आतिशबाजी का दौर शुरू हो गया है। रोशनी और खुशियों के इस पर्व पर पटाखे जलाते समय थोड़ी सी लापरवाही आंखों के लिए गंभीर परेशानी खड़ी कर सकती है। पटाखों से निकलने वाली चिंगारी, बारूद, राख और रासायनिक कण आंखों में पहुंचकर जलन, एलर्जी और चोट का कारण बन सकते हैं। इसे देखते हुए राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के नेत्र रोग विशेषज्ञों ने लोगों को आतिशबाजी के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
पटाखों की चिंगारी से आंखों को हो सकता है नुकसान
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के नेत्र रोग विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नीरज सारस्वत ने बताया कि दीपावली पर पटाखे जलाते समय सुरक्षा का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। आतिशबाजी के दौरान चिंगारी, बारूद या राख के कण सीधे आंखों में जा सकते हैं। इससे आंखों में जलन, एलर्जी और चोट की समस्या हो सकती है। उन्होंने खासतौर पर बच्चों की सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों को अकेले पटाखे नहीं जलाने देने चाहिए। आतिशबाजी हमेशा बड़ों की निगरानी में ही करानी चाहिए, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही से बच्चे झुलस सकते हैं या उन्हें गंभीर चोट लग सकती है।
पटाखे से कम से कम 5 मीटर की दूरी रखें
डॉ. नीरज ने सलाह दी कि पटाखे जलाते समय उनसे कम से कम पांच मीटर की दूरी बनाए रखें। पटाखा जलाने के बाद उसके बिल्कुल पास जाकर यह देखने की कोशिश न करें कि वह क्यों नहीं फूटा। अधजले पटाखों के पास जाना भी खतरनाक हो सकता है, क्योंकि उनमें अचानक विस्फोट होने की आशंका रहती है। आग से बचाव के लिए रेशमी कपड़ों के बजाय सूती वस्त्र पहनने को प्राथमिकता देनी चाहिए। आतिशबाजी के दौरान आंखों की सुरक्षा के लिए प्रोटेक्टिव चश्मे का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। इससे चिंगारी, धुएं के कण और गर्म राख के सीधे संपर्क से बचाव में मदद मिल सकती है।
आंखों में जलन या लालिमा होने पर क्या करें?
विशेषज्ञ के मुताबिक, पटाखों के धुएं और कणों के संपर्क में आने से आंखों में जलन, लालिमा और चोट की समस्या हो सकती है। ऐसी स्थिति में आंखों को साफ पानी से धोना चाहिए। जरूरत पड़ने पर लुब्रिकेंट आई ड्रॉप का इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, अगर इसके बाद भी जलन बनी रहती है या आंख में चोट लगने की आशंका है, तो आंखों को रगड़ने से बचें और तुरंत नजदीकी अस्पताल या नेत्र चिकित्सक से संपर्क करें। समय पर उपचार मिलने से आंखों को होने वाले नुकसान से बचाया जा सकता है।
दीपावली पर देहरादून में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू
त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए देहरादून यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। इसके तहत शहर के प्रमुख बाजारों में वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी और अलग-अलग मार्गों से आने वाले लोगों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। पुलिस ने लोगों से निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का अधिक इस्तेमाल करने की अपील की है। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए 300 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
13 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था
यातायात पुलिस के अनुसार, सहस्त्रधारा, रायपुर, राजपुर और सुभाष रोड की ओर से आने वाले वाहनों के लिए काबुल हाउस, मंगला देवी इंटर कॉलेज, कनक चौक मल्टीस्टोरी पार्किंग और एमडीडीए कॉम्प्लेक्स घंटाघर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं, चकराता रोड और गढ़ी कैंट की ओर से आने वाले वाहन जनपथ कॉम्प्लेक्स बिंदाल और रेंजर्स ग्राउंड में पार्क किए जा सकेंगे। पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने की अपील की है।
पलटन बाजार समेत कई बाजार रहेंगे जीरो जोन
पलटन बाजार, धामावाला बाजार, मच्छी बाजार और पीपलमंडी में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन बाजारों में केवल पैदल यात्रियों को आने-जाने की अनुमति होगी। पलटन बाजार में सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक लोडिंग वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा। व्यापारियों के वाहनों को टोकन व्यवस्था के तहत प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर भी रोक रहेगी। यातायात का दबाव बढ़ने पर घंटाघर, सर्वे चौक और धर्मपुर चौक सहित प्रमुख स्थानों पर रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा।
विक्रम और सिटी बसों के पिकअप-ड्रॉप प्वाइंट बदले
ट्रैफिक प्लान के तहत विक्रम और सिटी बसों के पिकअप-ड्रॉप प्वाइंट में भी बदलाव किया गया है। राजपुर रोड से आने वाले विक्रम वाहनों के लिए ग्लोब चौक, रायपुर रोड से आने वाले विक्रम के लिए सर्वे चौक और रिस्पना की ओर से आने वाले विक्रम के लिए दून चौक निर्धारित किया गया है।इसी तरह राजपुर रोड जाने वाली सिटी बसों का पिकअप-ड्रॉप प्वाइंट ओरिएंट चौक रहेगा, जबकि डोईवाला और सहस्त्रधारा की ओर जाने वाली बसों के लिए रेंजर्स ग्राउंड निर्धारित किया गया है।
कैमरों और क्रेन से होगी निगरानी, नो-पार्किंग पर 1500 रुपये जुर्माना
एसपी ट्रैफिक जया बलूनी के अनुसार, यातायात व्यवस्था पर नजर रखने के लिए 29 एएनपीआर, 105 आरएलवीडी और 9 एसवीडीएस कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा। नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर क्रेन से टोइंग की कार्रवाई के साथ 1,500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि परेड ग्राउंड में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक कार्यक्रम आयोजित होने के कारण लोगों को ईसी रोड, परेड ग्राउंड और सुभाष रोड का कम से कम इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। पुलिस और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि दीपावली पर खुशियों के साथ सुरक्षा का भी ध्यान रखें। सावधानी से आतिशबाजी करें और बाजारों में यातायात नियमों का पालन करते हुए त्योहार मनाएं