देहरादून में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, 15 वर्षीय किशोर हिरासत में – Parvat Sankalp News

देहरादून में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, 15 वर्षीय किशोर हिरासत में

देहरादून के पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में छह साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि 15 वर्षीय विधि विवादित किशोर ने बच्ची को मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाने के बाद उसके साथ गलत हरकत की। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर संरक्षण में भेज दिया। वहीं, पीड़ित बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

लेबर कॉलोनी में सोमवार देर शाम की घटना

पुलिस के मुताबिक, घटना सोमवार देर शाम पटेलनगर क्षेत्र की लेबर कॉलोनी की है। पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि एक किशोर ने छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। बताया गया है कि पीड़ित बच्ची और आरोपी किशोर के परिवार मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। दोनों परिवार देहरादून में मजदूरी करते हैं और उनके घर आसपास ही स्थित हैं।

मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाने का आरोप

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आरोप है कि सोमवार शाम किशोर खेल-खेल में बच्ची को अपने साथ ले गया। वहां उसने बच्ची को मोबाइल फोन पर अश्लील वीडियो दिखाया और इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि लोगों ने किशोर को पकड़ लिया और पुलिस को घटना की सूचना दी।

आरोपी किशोर को संरक्षण में भेजा गया

सूचना मिलने के बाद पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी विधि विवादित किशोर को हिरासत में लिया। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित बच्ची का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पटेलनगर कोतवाली प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। विधि विवादित किशोर को संरक्षण में भेज दिया गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *