16 दिन से लापता अधिवक्ता धीरेंद्र परिहार का मिला शव, बागेश्वर में मचा हड़कंप – Parvat Sankalp News

16 दिन से लापता अधिवक्ता धीरेंद्र परिहार का मिला शव, बागेश्वर में मचा हड़कंप

बागेश्वर: पिछले 16 दिनों से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता चल रहे वरिष्ठ अधिवक्ता और पूर्व नगरपालिका सभासद धीरेंद्र सिंह परिहार का शव मिलने से बागेश्वर में सनसनी फैल गई। मंगलवार को नगर से बाहर थुणाई के समीप गोमती नदी किनारे उनका शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। घटना के बाद परिजनों, अधिवक्ताओं और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है।

17 अक्टूबर से लापता थे धीरेंद्र परिहार

जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय धीरेंद्र परिहार बीते 17 अक्टूबर से लापता थे। उनके अचानक गायब होने के बाद परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया। इसके बाद उनकी मां नंदी परिहार ने कोतवाली में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई और पुलिस से बेटे को जल्द तलाशने की मांग की थी।

सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद भी नहीं मिला सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और कई स्तरों पर तलाश अभियान चलाया। इस दौरान नुमाइशखेत क्षेत्र में कुछ सीसीटीवी कैमरों के तार काटने और कैमरों को क्षतिग्रस्त करने की घटना भी सामने आई थी। इससे धीरेंद्र परिहार की गुमशुदगी को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही थीं।

सोमवार को परिजनों और अधिवक्ताओं ने किया था चक्काजाम

धीरेंद्र परिहार का कोई सुराग नहीं मिलने पर सोमवार को परिजनों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने एसबीआई तिराहे पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया था। इस आंदोलन में विधायक पार्वती दास भी शामिल हुई थीं। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से धीरेंद्र को जल्द तलाशने और पूरे मामले का खुलासा करने की मांग की थी।

गोमती नदी किनारे मिला शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा

मंगलवार को थुणाई के समीप नदी किनारे शव मिलने की सूचना पर पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल धीरेंद्र परिहार की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

एसपी आज करेंगे प्रेस वार्ता

बागेश्वर के सीओ अजय शाह ने बताया कि धीरेंद्र परिहार का शव बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि 4 नवंबर को पुलिस अधीक्षक इस मामले में प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी देंगे। धीरेंद्र परिहार की मौत की खबर से बागेश्वर के अधिवक्ता समाज और स्थानीय लोगों में गहरा दुख है। वहीं, उनकी गुमशुदगी से लेकर शव बरामद होने तक की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं, जिनका जवाब पुलिस जांच के बाद ही मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *