उत्तराखण्ड

राष्ट्रीय मुए-थाई चैंपियनशिप में चमके अल्मोड़ा के खिलाड़ी, बिट्टू कर्नाटक ने किया सम्मानित

अल्मोड़ा के युवा खिलाड़ियों ने 7वीं राष्ट्रीय यूथ मुए-थाई चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने अपने कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित कर सभी प्रतिभागियों और पदक विजेताओं को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, लगन और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि हल्द्वानी के गोलापार स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित 7वीं राष्ट्रीय यूथ मुए-थाई चैंपियनशिप-2026 में अल्मोड़ा जिले के 16 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया था। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 8 पदक अपने नाम किए, जो पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। प्रतियोगिता में गर्विता बिष्ट ने स्वर्ण पदक जीतकर अल्मोड़ा का नाम रोशन किया। वहीं साक्षी बिष्ट और माही बिष्ट ने रजत पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके अलावा अंकिता बिष्ट, उज्ज्वल रावत, तनुश्री लटवाल, रजनी नेगी और प्रियांशी गिनवाल ने कांस्य पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया।

इसके अतिरिक्त हर्षित, मन्नत, कनिका सिजवाली, सिमरन सिजवाली, योगेश सिंह, नितिश कुमार, प्रखर सिजवाली और तनुज लोहनी ने भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और अल्मोड़ा का प्रतिनिधित्व किया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करना और पदक जीतना आसान नहीं होता, इसके लिए कठोर परिश्रम, अनुशासन और समर्पण की आवश्यकता होती है। सम्मान समारोह में खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने का भी सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा के युवा लगातार विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जो जिले के लिए गौरव की बात है। बिट्टू कर्नाटक ने खिलाड़ियों को भविष्य में और अधिक मेहनत करने तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में अल्मोड़ा के खिलाड़ी देश और प्रदेश का नाम और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News