देहरादून से गाजियाबाद जा रही महिला चलती ट्रेन से गायब

देहरादून से गाजियाबाद जा रही नंदा देवी एक्सप्रेस में सफर कर रही एक नवविवाहिता रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया है, जबकि पुलिस महिला की तलाश में लगातार जुटी हुई है। मामला अब गुमशुदगी से बढ़कर अपहरण तक पहुंच गया है।

चलती ट्रेन से गायब हुई नवविवाहिता

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के कानपुर के नौबस्ता निवासी मनीष अग्रहरि 5 मई को अपनी पत्नी प्रज्ञा सिंह के साथ देहरादून से गाजियाबाद जा रहे थे। दोनों नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रहे थे। इसी दौरान अचानक प्रज्ञा सिंह संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन से लापता हो गईं।

गुमशुदगी के बाद अपहरण का केस दर्ज

शुरुआत में मामले की शिकायत लक्सर कोतवाली में गुमशुदगी के तौर पर दर्ज की गई थी। लेकिन कई दिन बीतने के बावजूद महिला का कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए अपहरण की धाराओं में केस दर्ज कर लिया।

पांच दिन बाद भी नहीं मिला कोई सुराग

घटना को पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक महिला का कोई पता नहीं चल पाया है। परिवार लगातार उसकी सुरक्षित बरामदगी की मांग कर रहा है। पुलिस ने महिला की तलाश के लिए विशेष टीम को मुजफ्फरनगर भेजा है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

महिला की लोकेशन का पता लगाने के लिए रेलवे स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी के मुताबिक महिला की तलाश के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *