मोगा-अमृतसर रोड पर मंगलवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और बेटा घायल हो गए। मृतक की पहचान 42 वर्षीय जोगिंदर सिंह के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जोगिंदर सिंह अपनी पत्नी रीटा कौर और बेटे गुरजीत सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर सिधवां बेट से बठिंडा स्थित माता के दरबार में दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान मोगा-अमृतसर रोड पर उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार बस ने जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि जोगिंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और बेटा घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को ऑटो रिक्शा की मदद से अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जोगिंदर सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि रीटा कौर और गुरजीत सिंह को प्राथमिक उपचार दिया गया। दोनों को मामूली चोटें आई हैं।
जांच अधिकारी के अनुसार हादसा मंगलवार सुबह करीब 10 बजे हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।