देहरादून: उत्तराखंड में इन दिनों मौसम लगातार करवट ले रहा है। मंगलवार, 5 मई 2026 को राज्य के कई जिलों में तेज गर्जन के साथ बारिश, बिजली चमकने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर जिलों के कुछ हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक, ओलावृष्टि और करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। इसके अलावा, राज्य के अन्य जिलों में भी मौसम खराब रहने के संकेत हैं। यहां बारिश और ओलावृष्टि को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने यह भी बताया कि प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
इससे तापमान में गिरावट दर्ज होने और ठंड बढ़ने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें, अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।