उत्तराखंड में शुरू होगी विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया, 15 सितंबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
उत्तराखंड में आगामी चुनावों को लेकर निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की तैयारियां तेज कर दी हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत 29 मई 2026 से प्रदेशभर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इस संबंध में शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सचिवालय में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
पात्र मतदाता न छूटे, अपात्र नाम हटें: निर्वाचन अधिकारी
बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और अपात्र व्यक्तियों के नाम सूची में शामिल न हों। उन्होंने राजनीतिक दलों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की, ताकि मतदाता सूची को पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जा सके।
1 जुलाई 2026 को आधार मानकर होगी प्रक्रिया
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि उत्तराखंड में 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर एसआईआर प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके तहत 29 मई से 7 जून 2026 तक गणना प्रपत्रों की छपाई, बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के प्रशिक्षण और अन्य प्रशासनिक तैयारियों का कार्य किया जाएगा।
घर-घर जाकर जुटाई जाएगी जानकारी
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और संकलन करेंगे। इस दौरान मतदाताओं की जानकारी अपडेट की जाएगी और नए पात्र मतदाताओं को सूची में जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।
14 जुलाई को प्रकाशित होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
निर्वाचन विभाग के अनुसार 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का समय दिया जाएगा। इस दौरान मतदाता अपने नाम, पता या अन्य विवरण में सुधार के लिए आवेदन कर सकेंगे।
सितंबर तक निपटेंगी सभी आपत्तियां
निर्वाचन आयोग ने बताया कि 10 जुलाई से 11 सितंबर 2026 के बीच सभी दावे और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों द्वारा नोटिस जारी किए जाएंगे और जांच के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
15 सितंबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आयोग के निर्देशानुसार 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी जाएगी। यह सूची आगामी चुनावों के लिए आधार बनेगी।
राजनीतिक दलों से मांगा सक्रिय सहयोग
डॉ. पुरुषोत्तम ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अगले दो सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने की अपील की। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उत्तराखंड में 11,733 पोलिंग बूथों के सापेक्ष लगभग 22 हजार बीएलए की तैनाती की जा चुकी है। बैठक में “बुक अ कॉल विद बीएलओ” सुविधा की भी जानकारी दी गई, जिससे मतदाता सीधे बीएलओ से संपर्क कर सकेंगे।