उत्तराखण्ड

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने 2024 लोकसभा चुनाव में एक बार फिर किया जीत का दावा, कहा भाजपानीत एनडीए 300 से अधिक सीटें जीतकर रचेगा इतिहास 

देहरादून:- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान मंगलवार को उत्तराखंड के दौरे पर आए थे। इस दौरान उन्होंने 2024 लोकसभा चुनावों में एक बार फिर से जीत का दावा किया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपानीत एनडीए 300 से अधिक सीटें जीतकर इतिहास रचेगा। नरेन्द्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि पार्टी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। संगठन की ताकत के बूते भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक समूह है। साथ ही कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे आम चुनाव के लिए शेष रह गए 180 दिनों में 51 प्रतिशत वोट के लक्ष्य प्राप्ति के लिए जुट जाएं। केंद्रीय मंत्री प्रधान मंगलवार को यहां सुभाष रोड स्थित होटल पैसिफिक में भाजपा के टिहरी लोकसभा क्षेत्र के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। देवभूमि उत्तराखंड की जनता का आशीर्वाद प्रत्येक चुनाव में भाजपा को मिलता आया है। यह सब पार्टीजनों की अथक मेहनत का परिणाम है। इस बार भी राज्य में लोकसभा की पांचों सीटें भाजपा जीतेगी।

उन्होंने कहा कि हमें यह ध्यान रखना है कि लोकसभा चुनाव की लड़ाई निर्णायक और देश को नई दिशा और ऊंचाई प्राप्त करने पर मुहर लगाने के लिए है। उन्होंने कहा कि यदि देश में कांग्रेस व अन्य दलों के 60 वर्ष और एनडीए के 15 वर्ष की उपलब्धियों को देखें तो जमीन-आसमान का अंतर है।

कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए प्रधान ने कहा कि जिन्होंने अपने नाम के पीछे गांधी लगाकर शासन किया, उनके द्वारा महात्मा गांधी के सम्मान के लिए क्या किया गया। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जी-20 की बैठक के दौरान विश्व के शीर्ष नेताओं ने एक साथ राजघाट पर जाकर श्रद्धांजलि दी तो एक बार फिर महात्मा गांधी के विचार और सिद्धांतों को वैश्विक स्वीकृति मिली है।

मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री प्रधान ने कहा कि जी-20 के अविस्मरणीय आयोजन को ही देखें तो आज विश्व ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की आर्थिक, सांस्कृतिक व नीतिगत शक्ति को स्वीकार किया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज देश का विकास मॉडल वैश्विक बन गया है।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्ष सनातन संस्कृति के अपमान की नीति पर कार्य कर रहा है। आने वाले दिनों में विपक्ष सद्भाव बिगाड़ने और तनाव व भ्रम फैलाने की कोशिश करेगा। ऐसे में भाजपा कार्यकर्ताओं को सतर्क रहते हुए बड़ी सजगता और कर्मठता से राष्ट्र को शक्तिशाली बनाने के लिए पार्टी को मजबूत करना है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News