राष्ट्रीय

एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 हवा में 300 फीट नीचे आई

फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 मंगलवार सुबह लैंडिंग से पहले अचानक तेज़ टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। उड़ान के दौरान आए तेज़ हवा के झटकों के कारण विमान की ऊंचाई कुछ समय के लिए तेजी से कम हो गई। जानकारी के अनुसार विमान लगभग 300 फीट नीचे आया, लेकिन पायलट ने तुरंत स्थिति पर नियंत्रण पा लिया और विमान को सुरक्षित रूप से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतार दिया। घटना के दौरान विमान में सवार कई यात्रियों और क्रू सदस्यों को जोरदार झटके महसूस हुए। एयर इंडिया के अनुसार टर्बुलेंस के कारण करीब 12 लोगों को मामूली चोटें आईं, जिनमें लगभग 10 यात्री और 2 क्रू सदस्य शामिल हैं। राहत की बात यह रही कि किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई और सभी यात्री सुरक्षित रहे। एयर इंडिया ने बताया कि विमान की ऊंचाई में अचानक आया बदलाव टर्बुलेंस, अपड्राफ्ट या डाउनड्राफ्ट जैसी मौसम संबंधी परिस्थितियों के कारण हो सकता है। एयरलाइन ने कहा कि चालक दल ने पूरी स्थिति को पेशेवर तरीके से संभाला और सभी आवश्यक सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए विमान को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाया।

दिल्ली पहुंचने के बाद एयर इंडिया की ग्राउंड टीम और मेडिकल स्टाफ पहले से ही एयरपोर्ट पर मौजूद थे। एयरबस A320 विमान के उतरने के बाद 134 यात्रियों का स्वागत किया गया और जिन लोगों को चोट लगी थी, उनका तत्काल चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। एहतियात के तौर पर करीब 10 यात्रियों और 2 क्रू सदस्यों को एयरपोर्ट स्थित मेदांता मेडिकल सेंटर भेजा गया। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बयान जारी कर पुष्टि की कि 4 अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI2379 को उड़ान के दौरान कुछ समय के लिए टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा था। इसके चलते विमान की ऊंचाई में अचानक बदलाव आया, लेकिन चालक दल ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया और विमान को सुरक्षित रूप से दिल्ली में उतार दिया। सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित विमान से बाहर निकल गए। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। घटना की आंतरिक समीक्षा की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए सुरक्षा प्रक्रियाओं को और मजबूत बनाया जा सके। साथ ही यात्रियों को उड़ान के दौरान सीट बेल्ट बांधे रखने की सलाह भी दोहराई गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News