उत्तराखण्ड

Uttarakhand Weather: 10 अगस्त तक बारिश से राहत नहीं, 5 अगस्त को देहरादून-बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट

देहरादून:- उत्तराखंड में मानसून के तेवर फिलहाल नरम पड़ते नजर नहीं आ रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने 10 अगस्त तक का मौसम पूर्वानुमान जारी किया है, जिसके मुताबिक इस अवधि में राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला बना रह सकता है। वहीं 5 अगस्त को देहरादून और बागेश्वर में बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने अन्य कई जिलों में भी तेज से बहुत तेज बारिश के दौर की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और पहाड़ों की यात्रा करने वालों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

5 अगस्त को इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

बुधवार 5 अगस्त को देहरादून और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। दोनों जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश के तेज से बहुत तेज दौर देखने को मिल सकते हैं। वहीं टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर में भी तेज बारिश और गरज-चमक की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

6 अगस्त को इन इलाकों में भारी बारिश का अनुमान

गुरुवार 6 अगस्त को देहरादून, टिहरी गढ़वाल, उत्तरकाशी, बागेश्वर और पौड़ी गढ़वाल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। अन्य पर्वतीय जिलों में भी बारिश के तेज से बहुत तेज दौर देखने को मिल सकते हैं। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

7 अगस्त को भी बरसेंगे बादल

शुक्रवार 7 अगस्त को देहरादून, टिहरी गढ़वाल और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा अन्य पर्वतीय जिलों में तेज से बहुत तेज बारिश के दौर की संभावना जताई गई है। मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

8 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश का अनुमान

शनिवार 8 अगस्त को रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। अन्य पहाड़ी जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर हो सकते हैं। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में कुछ जगहों पर बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।

9 और 10 अगस्त को भी जारी रहेगा बारिश का दौर

मौसम विभाग के अनुसार 9 और 10 अगस्त को भी उत्तराखंड के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। यानी अगले एक सप्ताह के दौरान प्रदेश में मानसून सक्रिय रहने के आसार हैं।

भूस्खलन और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी

लगातार बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। भारी बारिश के दौरान कहीं-कहीं भूस्खलन, मलबा आने और चट्टानों के गिरने की स्थिति बन सकती है, जिससे सड़कें प्रभावित होने की आशंका है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर बिजली और पानी जैसी आवश्यक सेवाओं पर भी असर पड़ सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से आकाशीय बिजली के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News