उत्तराखण्ड

चमोली दौरे पर गृह सचिव शैलेश बगोली, गोपीनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना

उत्तराखंड के गृह सचिव शैलेश बगोली ने शनिवार को अपने चमोली भ्रमण कार्यक्रम के दौरान गोपेश्वर स्थित ऐतिहासिक गोपीनाथ मंदिर में पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान गोपीनाथ के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में उनके आगमन पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया तथा उन्हें स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

मंदिर दर्शन के बाद गृह सचिव ने मंदिर समिति के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने पंचकेदारों में प्रमुख रुद्रनाथ मंदिर की प्रचलित यात्रा व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने यात्रा मार्ग को और अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों और समिति सदस्यों को आवश्यक सुझाव भी दिए। गृह सचिव ने कहा कि तीर्थ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

चमोली दौरे के दौरान शैलेश बगोली ने देश के प्रसिद्ध पर्यावरणविद् और सामाजिक कार्यकर्ता चंडी प्रसाद भट्ट से भी उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण विकास, सतत विकास और पर्वतीय क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। गृह सचिव ने उनके अनुभवों और सुझावों को प्रदेश के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। गृह सचिव का यह दौरा धार्मिक आस्था, तीर्थ पर्यटन और विकास कार्यों के समन्वय को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी उनके इस दौरे का स्वागत करते हुए क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को उनके सामने रखा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News