पंजाब के पूर्व मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा आज होंगे AAP में शामिल

पंजाब की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। राज्य के पूर्व मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा आज आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल होने जा रहे हैं। इस महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान स्वयं उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलवाएंगे। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री भगवंत मान दोपहर करीब 3 बजे पटियाला स्थित नाभा रोड पर रखड़ा विला पहुंचेंगे, जहां यह औपचारिक जॉइनिंग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर केवल सुरजीत सिंह रखड़ा ही नहीं, बल्कि पूर्व अधिकारी करन सिंह और पटियाला जिले के एक प्रसिद्ध कंबाइन व्यवसायी के भी आम आदमी पार्टी में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

सुरजीत सिंह रखड़ा को शिरोमणि अकाली दल के दिवंगत नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का बेहद करीबी माना जाता था। राजनीति में उनकी एंट्री भी प्रकाश सिंह बादल की प्रेरणा से ही हुई थी। उन्होंने अकाली दल के टिकट पर समाना विधानसभा सीट से चुनाव लड़कर कैबिनेट मंत्री का पद हासिल किया था। हालांकि, बाद के वर्षों में अकाली दल में आंतरिक मतभेद और नेतृत्व को लेकर असहमति के चलते सुरजीत सिंह रखड़ा समेत कई नेताओं और सुखबीर सिंह बादल के बीच दूरी बढ़ गई। इसके बाद उन्होंने पार्टी से अलग होकर एक अलग राजनीतिक धड़ा बना लिया था।

अब उनके आम आदमी पार्टी में शामिल होने के साथ ही पंजाब की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि 2027 विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी उन्हें समाना विधानसभा सीट से उम्मीदवार बना सकती है, जहां से वे पहले भी चुनाव जीतकर मंत्री बने थे। रखड़ा के AAP में शामिल होने की अटकलें पिछले कुछ दिनों से तेज थीं, लेकिन उन्होंने अब तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया था। आज उनके पार्टी में शामिल होने के साथ ही इन सभी अटकलों पर विराम लग गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *