सियाचीन में शहीद हुए कैप्टन अंशुमान सिंह के परिजनों ने रायबरेली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से की मुलाकात – Parvat Sankalp News

सियाचीन में शहीद हुए कैप्टन अंशुमान सिंह के परिजनों ने रायबरेली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से की मुलाकात

उत्तर प्रदेश:- नेता प्रतिपक्ष और सांसद राहुल गांधी मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और विभिन्न संगठनों से मुलाकात के अलावा सियाचीन में शहीद हुए कैप्टन अंशुमान सिंह के परिवार से भी मुलाकात की। राहुल गांधी से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए शहीद की मां ने राहुल की तारीफ की साथ ही अग्निवीर योजना की मुखालफत की। उन्होंने बताया कि जिस तरह राहुल गांधी कह रहे हैं, उससे उम्मीद है कि अग्निवीर योजना खत्म होगी।

मंजू सिंह ने कहा कि राहुल गांधी से मिलने के बाद लगा कि वे फौजियों को लेकर बहुत गंभीर हैं और उनके बारे में सोचते हैं। शहीद कैप्टन अंशुमान सिंह की मां मंजू सिंह बेटे को याद कर भावुक हो गईं। बताया कि अंशुमान उनके बड़े बेटे थे और अभी उनकी एक बेटी और बेटे छोटे हैं जो पढ़ रहे हैं।

राहुल गांधी से प्रभावित हुईं मंजू सिंह ने बताया कि राहुल गांधी को उन्होंने राष्ट्रपति भवन में तब देखा था। जब वह शहीद कैप्टन अंशुमान सिंह को मिले कीर्ति चक्र सम्मान को हासिल करने पहुंची थीं। बताया कि राहुल को जब वह संसद में बोलते हुए सुनती थीं तो इच्छा थी एक बार उनसे मिलने की।

जब इच्छा जाहिर की तो फोन नंबर लिया और फिर रायबरेली में मिलने का समय मिला। मंजू सिंह ने कहा फौज में अग्निवीर योजना सही नहीं है। बताया कि राहुल गांधी से इस मसले पर बात हुई तो इस दौरान लगा कि वह इस योजना पर रोक लगा कर रहेंगे। शहीद कैप्टन अंशुमान के पिता रवि प्रताप सिंह ने कहा कि राहुल गांधी एक अच्छे इंसान है। इसी कारण उनसे मिला हूं। बताया कि राहुल गांधी ने उनसे कहा  कि जो बलिदान शहीद अंशुमान सिंह ने दिया है। उसका ऋणी पूरा देश रहेगा और आपके बेटे की शहादत पर पूरे देश को और कांग्रेस पार्टी को गर्व है। वहीं, राहुल गांधी ने आश्वासन दिया है कि कांग्रेस पार्टी परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *