देहरादून में बुधवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए पैनीसिया अस्पताल को सीज कर दिया है। जिलाधिकारी और अग्निशमन विभाग की संयुक्त कार्रवाई के बाद अस्पताल परिसर को पूरी तरह बंद कर दिया गया। वहीं मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह अचानक अस्पताल के एक हिस्से में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया, जिससे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। धुएं के कारण मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई। अस्पताल स्टाफ ने तत्काल मरीजों को बाहर निकालना शुरू किया।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय अस्पताल में करीब 14 मरीज भर्ती थे। प्रशासन और अस्पताल कर्मचारियों की मदद से सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालकर शहर के अन्य अस्पतालों में शिफ्ट किया गया। हालांकि इस दौरान एक महिला की दम घुटने से मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों में गहरा आक्रोश देखने को मिला। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह एसी में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग लगते ही पूरे भवन में धुआं भर गया, जिससे हालात और गंभीर हो गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना के बाद जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही अस्पताल में फायर सेफ्टी इंतजामों की भी जांच की जाएगी। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि अस्पताल में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। इस हादसे के बाद शहर के निजी अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग अब अन्य अस्पतालों में भी फायर सेफ्टी ऑडिट कराने की तैयारी कर रहा है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।