दीपावली पर्व के दौरान आगजनी की घटनाओं को रोकने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए देहरादून में अग्नि सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग ने जल संस्थान के साथ समन्वय कर जिले में विशेष व्यवस्था की है। इसके तहत 41 स्थानों पर पानी के टैंकर उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि शहर के 23 महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थलों पर फायर टेंडर तैनात रहेंगे।
दीपावली पर अग्निशमन विभाग पूरी तरह अलर्ट
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अभिनव त्यागी ने बताया कि दीपावली के दौरान आग लगने की किसी भी घटना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। संवेदनशील स्थानों पर फायर टेंडर की तैनाती की जाएगी, ताकि सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। उन्होंने बताया कि जिले में स्थापित फायर हाइड्रेंट की नियमित निगरानी और जांच की जा रही है। वर्तमान में 90 प्रतिशत से अधिक फायर हाइड्रेंट क्रियाशील हैं। शेष हाइड्रेंट को भी जल्द दुरुस्त कराने की कार्रवाई की जा रही है।
बाजारों में दिन में तीन बार होगी फायर टेंडर से गश्त
भीड़भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए प्रत्येक तहसील के अंतर्गत आने वाले फायर स्टेशनों की टीमें दिन में तीन बार अग्निशमन वाहनों से गश्त कर रही हैं। इसका उद्देश्य संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों पर लगातार नजर रखना और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करना है।
व्यापारियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति किया जा रहा जागरूक
अग्निशमन विभाग की ओर से आम लोगों और व्यापारियों को भी आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है। व्यापारियों से अपील की गई है कि वे दुकानों में विद्युत उपकरणों और बिजली के लोड पर विशेष ध्यान दें। निर्धारित क्षमता से अधिक विद्युत भार न लें और बिजली के कनेक्शन तथा उपकरणों का सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल करें। इसके साथ ही दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का पालन करने की अपील की गई है।
अग्निशमन वाहनों के लिए रास्ता खाली रखने की अपील
विभाग ने व्यापारियों और आमजन से बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा अग्निशमन वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त जगह छोड़ने का आग्रह किया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अभिनव त्यागी ने कहा कि जनसहयोग, सतर्कता और समय रहते बरती गई सावधानी से आगजनी की घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। दीपावली के दौरान जनपद में सुरक्षित और निर्बाध अग्निशमन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विभागीय टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहेंगी।