हरिद्वार में देर रात दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। ब्रह्मपुरी कॉलोनी में रेलवे ट्रैक पार करते समय एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जबकि ऋषिकुल तिराहे के पास हाईवे किनारे बस का इंतजार कर रहे दो यात्रियों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दूसरे हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।
रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आया युवक
नगर कोतवाली क्षेत्र की ब्रह्मपुरी कॉलोनी में देर रात एक युवक अपर बाजार रोड से रेलवे ट्रैक पार कर ब्रह्मपुरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान वह अचानक ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को रेलवे ट्रैक से हटाकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास कर रही है।
फुट ओवरब्रिज की मांग को लेकर लोगों का हंगामा
हादसे की जानकारी मिलने के बाद ब्रह्मपुरी क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पार करने के लिए फुट ओवरब्रिज बनाने की मांग को लेकर नाराजगी जताई। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान लगातार हादसे का खतरा बना रहता है और लंबे समय से सुरक्षित आवागमन के लिए फुट ओवरब्रिज की मांग की जा रही है। स्थानीय पार्षद समेत सेठी के मुताबिक, मृतक युवक ब्रह्मपुरी में किराए पर रहता था और उसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है। लोगों का कहना है कि यदि रेलवे ट्रैक पर सुरक्षित आवाजाही के लिए फुट ओवरब्रिज की व्यवस्था हो जाए तो इस तरह के हादसों को कम किया जा सकता है। नगर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा ने बताया कि शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हाईवे किनारे बस का इंतजार कर रहे यात्रियों को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
दूसरा हादसा हरिद्वार हाईवे पर ऋषिकुल तिराहे के पास हुआ। यहां पेट्रोल पंप के सामने दो यात्री सड़क किनारे खड़े होकर बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में दोनों यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने एक यात्री को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
आधार कार्ड से हुई मृतक की पहचान
पुलिस को मृतक की जेब से आधार कार्ड मिला, जिसके आधार पर उसकी पहचान 19 वर्षीय योगेश, निवासी गौतमबुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया गया कि दोनों यात्री दिल्ली जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। कनखल कोतवाली में तैनात एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि हादसे में घायल दूसरे यात्री का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। एक ओर जहां ब्रह्मपुरी में रेलवे ट्रैक पर सुरक्षित आवागमन को लेकर स्थानीय लोगों की फुट ओवरब्रिज की मांग फिर सामने आई है, वहीं हाईवे हादसे में फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।