उत्तराखंड में मौसम का बदला मिजाज, कई जिलों में 3 घंटे का येलो अलर्ट, तेज हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी – Parvat Sankalp News

उत्तराखंड में मौसम का बदला मिजाज, कई जिलों में 3 घंटे का येलो अलर्ट, तेज हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी

उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ली है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए अगले तीन घंटों का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाएं, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। अप्रैल महीने में जहां भीषण गर्मी ने लोगों को परेशान किया, वहीं मई की शुरुआत राहत भरी साबित हो रही है। लगातार हो रही बारिश के चलते पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम सुहावना हो गया है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

नैनीताल जिले में शुरुआती चार दिनों में सामान्य 6.5 मिमी वर्षा के मुकाबले 68.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जो औसत से काफी अधिक है। इसके चलते तापमान गिरकर करीब 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम 18°C दर्ज किया गया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत, देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़, उधम सिंह नगर और उत्तरकाशी जिलों के कुछ इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ तूफान आने की संभावना है।

हल्द्वानी, रुद्रपुर, रानीखेत, मुनस्यारी, कपकोट, डोईवाला, गंगोत्री, टनकपुर और कौसानी समेत आसपास के क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, प्रदेश में 9 मई तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है, जिससे गर्मी से राहत बनी रहेगी। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें, बिजली गिरने के समय खुले स्थानों से दूर रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *