हरिद्वार में गंगा के तेज बहाव में बह रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग की बची जान, स्थानीय गोताखोरों ने लगाई छलांग

हरिद्वार:- हरिद्वार के रोड़ीबेलवाला इलाके में हाथी पुल के पास गंगा में एक बुजुर्ग के बहने से हड़कंप मच गया। तेज धारा के बीच बुजुर्ग को डूबता देख वहां मौजूद दो स्थानीय गोताखोरों ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी। काफी प्रयास के बाद दोनों युवकों ने बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि हर की पैड़ी क्षेत्र में कई स्थानीय युवक और बच्चे श्रद्धालुओं की ओर से गंगा में प्रवाहित किए जाने वाले सिक्के और नारियल पकड़ने का काम करते हैं। इसी दौरान उनकी नजर अचानक तेज बहाव में बह रहे एक बुजुर्ग पर पड़ी। बुजुर्ग पानी की लहरों के बीच कभी ऊपर तो कभी नीचे जा रहे थे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हाथी पुल के पास मौजूद दो गोताखोर तुरंत गंगा में उतर गए। बुजुर्ग को पकड़ने के दौरान एक युवक का पैर घाट की रेलिंग से भी फिसल गया, लेकिन उसने हिम्मत नहीं छोड़ी और नदी में छलांग लगाकर बुजुर्ग तक पहुंच गया। दोनों युवकों ने मिलकर उन्हें सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया। स्थानीय लोगों के मुताबिक बुजुर्ग की उम्र करीब 70 वर्ष है। नदी से बाहर निकालने के बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई। घाट पर मौजूद कुछ लोगों ने रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोग दोनों युवकों की बहादुरी की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया, गोताखोर पहले भी बचा चुके हैं कई जानें
स्थानीय ढाबा संचालक कमल खड़का ने बताया कि हर की पैड़ी के आसपास सिक्के और नारियल पकड़ने वाले युवक अच्छी तरह तैरना जानते हैं। ऐसे में जब भी कोई व्यक्ति गंगा के तेज बहाव में फंसता है, ये युवक कई बार उसकी मदद के लिए आगे आते हैं।
पुलिस ने गंगा किनारे जाने से किया सावधान
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने भी मामले की जानकारी जुटाई। हर की पैड़ी चौकी प्रभारी अंशुल अग्रवाल ने बताया कि गंगा में एक बुजुर्ग के बहने और उसे बचाए जाने की सूचना मिली है। वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गंगा का जलस्तर और बहाव इस समय काफी अधिक है। ऐसे में लोग नदी के किनारे जाने या तेज धारा में उतरने से बचें और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।




