प्रदेश सरकार द्वारा संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” (सेवा पखवाड़ा) अभियान के द्वितीय चरण के तहत प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री तथा चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के एकेश्वर विकासखंड का व्यापक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठकें कीं, आम जनता से संवाद स्थापित किया और क्षेत्र के विकास को नई गति देने वाली कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया। सेवा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने मज्याडी, अमुली, ग्वाडमल्ला, पणखेत सहित विभिन्न क्षेत्रों में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन, सशक्त मंडल एवं सशक्त संगठन की बैठकों में भाग लिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी सोच के साथ पूरे प्रदेश में सेवा पखवाड़ा अभियान चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से सरकार जनता के द्वार तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है।
अपने दौरे के दौरान सतपाल महाराज ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने विकासखंड एकेश्वर में लगभग 55 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 1.8 किलोमीटर लंबे (द्वितीय चरण, स्टेज-1) मज्याडी-गोची गांव-पिलखेत मोटर मार्ग का शिलान्यास किया। यह सड़क क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए बेहतर आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं कृषि गतिविधियों को नई सुविधा प्रदान करेगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने लगभग 20 लाख रुपये की लागत से एकेश्वर विकासखंड मुख्यालय में टाइप-2 भवन के निर्माण कार्य की भी आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि यह भवन स्थानीय प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूत करेगा तथा क्षेत्र के विकास कार्यों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। सड़क, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन जैसे सभी क्षेत्रों में सरकार लगातार नई परियोजनाएं शुरू कर रही है। उन्होंने कहा कि सतपुली झील और स्यूंसी झील जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं भविष्य में पूरे चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। गांव-गांव तक सड़क संपर्क, पंचायत भवनों का निर्माण, पेयजल योजनाएं, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार तथा जनसुविधाओं के विकास से ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन स्तर बेहतर हो रहा है। पंचायत भवनों के निर्माण से स्थानीय स्वशासन संस्थाओं को मजबूती मिली है और ग्रामीण विकास को नई गति प्राप्त हुई है।
सतपाल महाराज ने भाजपा कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा सरकार की जनहितकारी योजनाओं को प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार विकास, सुशासन और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रही है तथा प्रत्येक नागरिक तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कार्यक्रम में भाजपा युवा नेता सुयश रावत, जिलाध्यक्ष कमल किशोर, जिला मंत्री बृजमोहन, मंडल अध्यक्ष राकेश नैथानी, महामंत्री सुनील, वेद प्रकाश वर्मा, पूर्व प्रमुख नरेंद्र डंडरियाल, विधायक प्रतिनिधि देवेंद्र भट्ट, युवा मोर्चा महामंत्री पंकज, पूर्व प्रधान जगदम्बा, रमेश डंडरियाल, शक्ति केंद्र संयोजक जयपाल, बूथ अध्यक्ष सुखदेव सिंह, दीपक डंडरियाल, सोशल मीडिया प्रभारी दीपक ग्वाड़ी, हरवेंद्र सिंह, पूर्व प्रधान देवेश सुन्दरियाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।