9 जुलाई को उत्तराखंड आएंगे कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, देहरादून में लगातार बैठकों का रहेगा दौर

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव (संगठन) एवं सांसद श्री के.सी. वेणुगोपाल 9 जुलाई 2026 को उत्तराखंड के दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर देहरादून पहुंचेंगे। इस दौरान वे प्रदेश कांग्रेस संगठन की विभिन्न इकाइयों, वरिष्ठ नेताओं, जिला एवं महानगर अध्यक्षों, राजनीतिक मामलों की समिति तथा पार्टी के सभी अनुषांगिक संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों के साथ अलग-अलग चरणों में महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे। इन बैठकों में संगठन को मजबूत करने, आगामी राजनीतिक रणनीति, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि ने देते हुए बताया कि श्री के.सी. वेणुगोपाल का यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठन के विस्तार को लेकर पार्टी नेतृत्व प्रदेश स्तर पर व्यापक समीक्षा करेगा। राजीव महर्षि ने बताया कि 9 जुलाई 2026 को दोपहर 12:00 बजे श्री के.सी. वेणुगोपाल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) के सदस्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों तथा कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) के सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक मजबूती और आगामी कार्यक्रमों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
इसके बाद दोपहर 2:00 बजे वे प्रदेश कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में प्रदेश के समसामयिक राजनीतिक मुद्दों, जनता से जुड़े विषयों तथा आगामी चुनावी रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा होगी। शाम 4:00 बजे जिला कांग्रेस कमेटियों एवं महानगर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों के साथ बैठक आयोजित होगी, जिसमें बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय बनाने, सदस्यता अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रमों तथा संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। इसके पश्चात शाम 6:00 बजे पार्टी के सभी अनुषांगिक संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ अलग बैठक होगी। इस बैठक में विभिन्न प्रकोष्ठों की भूमिका, समन्वय, जनआंदोलनों में भागीदारी तथा संगठन के विस्तार को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
अपने दौरे के दूसरे दिन 10 जुलाई 2026 को प्रातः 10:00 बजे से श्री के.सी. वेणुगोपाल पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से व्यक्तिगत मुलाकात कर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करेंगे तथा उनकी राय और सुझाव प्राप्त करेंगे। दौरे के अंतिम चरण में दोपहर 3:00 बजे वे देहरादून में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे, जिसमें उत्तराखंड की राजनीतिक स्थिति, कांग्रेस की आगामी रणनीति तथा संगठनात्मक बैठकों के निष्कर्षों की जानकारी मीडिया के माध्यम से जनता के सामने रखी जाएगी। इसके उपरांत वे नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि श्री के.सी. वेणुगोपाल का यह दो दिवसीय दौरा संगठन को नई दिशा देने, कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार करने तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए पार्टी को अधिक मजबूत बनाने की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।




