रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ी सौगात, 28-29 अगस्त को उत्तराखंड रोडवेज बसों में मुफ्त सफर

देहरादून:- रक्षाबंधन के पर्व पर उत्तराखंड की महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य की महिलाएं 28 और 29 अगस्त 2026 को उत्तराखंड के भीतर उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगी।
इस संबंध में उत्तराखंड शासन की ओर से आदेश जारी कर परिवहन निगम को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। शासनादेश के मुताबिक, निर्धारित दोनों दिनों में प्रदेश के भीतर यात्रा करने वाली महिलाओं से बस किराया नहीं लिया जाएगा।
रक्षाबंधन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और परिवारजनों से मिलने के लिए सफर करती हैं। ऐसे में सरकार के इस निर्णय से महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन में सुविधाजनक और नि:शुल्क यात्रा का लाभ मिलेगा।
शासन के आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा देने से उत्तराखंड परिवहन निगम पर आने वाले खर्च की भरपाई राज्य सरकार करेगी। अपर सचिव उत्तराखंड शासन रीना जोशी ने निगम को शासनादेश के अनुसार तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
सरकार का कहना है कि यह पहल रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के आवागमन को आसान बनाने के साथ उन्हें आर्थिक राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।




