सीएम सुक्खू बोले- हिमाचल की वित्तीय हालत पंजाब से बेहतर, आप सरकार ओपीएस नहीं दे पाई

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पंजाब के वित्त मंत्री पर पलटवार करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश की वित्तीय स्थिति पंजाब से बेहतर है। कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब में ओपीएस देने की बात कही थी, अब चुनाव सिर पर हैं लेकिन आज तक सरकारी कर्मचारियों को ओपीएस नहीं दी गई। हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने पहली ही कैबिनेट बैठक में अपने कर्मचारियों को ओपीएस दी। कहा कि राज्य सरकार प्राकृतिक आपदा से जूझ ही रही थी कि राजनीतिक आपदा आ गई। उन्होंने कुटलैहड़ की जनता से कहा कि आपके और देवी-देवताओं के आशीर्वाद से कांग्रेस के विधायकों की संख्या फिर से 40 हो गई।

भाजपा पर हमला करते हुए मुख्यमंत्री कहा कि पिछली सरकार ने चुनाव जीतने के लिए जनता का पैसा लुटा दिया। उन्होंने कहा, कि अपने मित्रों की झोली भरने के लिए पूर्व भाजपा सरकार ने एक हजार करोड़ रुपये के भवन बना दिए, जो खाली पड़े हैं। भाजपा हिमाचल विरोधी है। हम सीबीएसई स्कूल खोल रहे हैं तो भाजपा उसका भी विरोध कर रही है। इन सीबीएसई स्कूलों में बेहतर शिक्षा के लिए अगले दो महीने में सभी अध्यापकों की नियुक्ति कर दी जाएगी। उधर मुख्यमंत्री ने बंगाणा में डीएसपी और सब जज कोर्ट खोलने की घोषणा की। उन्होंने 14.92 करोड़ की तुरकाल-पंगा पेयजल की योजना का शिलान्यास किया। उन्होंने रायंसरी और लठियाणी में पीएचसी खोलने की घोषणा की। राज्य सरकार प्रदेश के लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है और अगले वित्त वर्ष से आधुनिक तकनीक से पानी को साफ करने पर 2000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।हम पहाड़ी किसी से नहीं डरते : अग्निहोत्री

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि माता चिंतपूर्णी मंदिर और आसपास की पंचायतों को पानी पहुंचाया है। पंजाब के वित्त मंत्री के बयान की निंदा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वह अपना घर संभालें, क्योंकि पंजाब का कर्ज बढ़कर 4.50 लाख करोड़ रुपये हो गया है। सुप्रीम कोर्ट ने बीबीएमबी को 4500 करोड़ रुपये हिमाचल को देने के निर्देश दिए, लेकिन पंजाब ने अभी तक पैसा नहीं दिया। यही नहीं, शानन परियोजना पर पंजाब ने कब्जा किया है। चंडीगढ़ में 7.16 प्रतिशत हिस्सा हमारा है। हम पहाड़ी किसी से नहीं डरते। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ में एक वीरेंद्र कंवर की बीजेपी और दूसरी भुट्टो बीजेपी है और आने वाले समय में भी विवेक शर्मा का रास्ता साफ होता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *