पंजाब के नाभा शहर में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। मैहस गेट चौक के पास कुछ हमलावरों ने एक पुलिस कांस्टेबल पर तेजधार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी, जबकि उसके भाई को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय अमनदीप सिंह निवासी पुडा कॉलोनी, नाभा के रूप में हुई है। अमनदीप सिंह पंजाब पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे और वर्तमान में पटियाला की ऑफिसर कॉलोनी पुलिस चौकी में अपनी सेवाएं दे रहे थे। जानकारी के अनुसार रविवार रात वह अपने भाई नवदीप सिंह के साथ मैहस गेट चौक के पास मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान किसी व्यक्ति के साथ अमनदीप सिंह की किसी बात को लेकर बहस हो गई। शुरुआत में मामूली लग रही यह कहासुनी कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि विवाद के बाद उक्त व्यक्ति ने अपने कई साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद पांच से छह हमलावरों ने मिलकर अमनदीप सिंह और उनके भाई पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।
हमलावरों ने अमनदीप सिंह पर लगातार कई वार किए। छाती और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके भाई नवदीप सिंह को भी नहीं बख्शा गया और उनके सिर पर कई बार तेजधार हथियार से हमला किया गया। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार नवदीप सिंह के सिर पर गहरे घाव हैं और कई टांके लगाए गए हैं। उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। डीएसपी नाभा गुरिंदर सिंह बल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मामूली तकरार के बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश के लिए भी छापेमारी जारी है।
इस दुखद घटना ने अमनदीप सिंह के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिवार के सदस्यों के अनुसार अमनदीप सिंह को करीब दो महीने पहले ही पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई थी और घर में खुशियों का माहौल था। उनके पिता नाभा मार्केट कमेटी से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। बेटे की अचानक हुई मौत के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने बताया कि अमनदीप सिंह को सोमवार को गणतंत्र दिवस परेड में ड्यूटी के लिए जाना था और वह इसकी तैयारी भी कर रहे थे। लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक घटना घट गई, जिसने परिवार के साथ-साथ उनके साथियों और पूरे पुलिस विभाग को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और वारदात में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।