बटाला पुलिस चौकी धमाका केस में 48 घंटे में बड़ा खुलासा, दो नाबालिग गिरफ्तार

बटाला की अर्बन एस्टेट पुलिस चौकी पर शनिवार रात बम जैसी संदिग्ध वस्तु फेंककर किए गए हमले के मामले में पंजाब पुलिस ने बड़ी सफलता का दावा किया है। पुलिस के अनुसार घटना के 48 घंटे के भीतर मामले की गुत्थी सुलझा ली गई है और इस वारदात में शामिल दो नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि मामले का तीसरा आरोपी अभी फरार है और उसकी तलाश लगातार जारी है। बॉर्डर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) हरमनबीर सिंह गिल्ल ने सोमवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस वारदात को तीन युवकों ने मिलकर अंजाम दिया था। गिरफ्तार किए गए दोनों नाबालिग बटाला पुलिस जिले के रहने वाले हैं। पूछताछ में पता चला है कि उन्हें मामूली पैसों का लालच देकर इस घटना को अंजाम देने के लिए तैयार किया गया था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती पूछताछ में कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस पूरी घटना के पीछे एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय हो सकता है, जिसके इशारे पर आरोपियों ने पुलिस चौकी को निशाना बनाया। अब पुलिस फरार तीसरे आरोपी के साथ-साथ पूरे नेटवर्क के कथित हैंडलर तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। इस मामले की जांच पंजाब काउंटर इंटेलिजेंस और बटाला पुलिस की संयुक्त टीम कर रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों एजेंसियों के समन्वय से कम समय में आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली है और आगे की जांच तेजी से जारी है। डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल्ल ने बताया कि एसएसपी मेहताब सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़े स्तर पर अभियान चलाया गया। इस अभियान में 20 गजटेड अधिकारियों और लगभग एक हजार पुलिस कर्मियों ने अलग-अलग इलाकों में संयुक्त कार्रवाई की।
अभियान के दौरान पुलिस ने दो ग्लॉक पिस्तौल भी बरामद की हैं। इसके अलावा विभिन्न मामलों में फरार चल रहे 102 भगोड़ों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और मंगलवार को भी ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि बटाला पुलिस चौकी पर हुए हमले में शामिल सभी आरोपियों और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही घटना के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा करने के लिए जांच को कई पहलुओं से आगे बढ़ाया जा रहा है।




