पंजाब में मौसम का बड़ा अलर्ट: आज से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

पंजाब में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि देखने को मिल सकती है। विभाग ने 3 और 4 अप्रैल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इन दो दिनों के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। इसके बाद भी अगले तीन दिनों तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

बीते 24 घंटों के दौरान पंजाब के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। बठिंडा में 21.2 मिमी, फिरोजपुर में 16.5 मिमी, संगरूर में 9.5 मिमी, पटियाला में 9.2 मिमी, लुधियाना में 4.6 मिमी, फरीदकोट में 4.5 मिमी और फाजिल्का में 2.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

लगातार हो रही बारिश का असर तापमान पर भी देखने को मिला है। प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 1.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि न्यूनतम तापमान में भी 0.3 डिग्री की कमी आई है। पंजाब में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस लुधियाना में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस अमृतसर में रिकॉर्ड हुआ।

मौसम में आए इस बदलाव ने किसानों की चिंताओं को बढ़ा दिया है। गेहूं की पककर तैयार फसल पर बारिश और ओलावृष्टि का खतरा मंडरा रहा है, जिससे उत्पादन और गुणवत्ता दोनों प्रभावित हो सकते हैं। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *