चारधाम यात्रा के दौरान बद्रीनाथ धाम और सीमांत क्षेत्र माणा में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के बीच चमोली पुलिस की नई ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था राहत लेकर आई है। घस्तौली मार्ग पर नई पार्किंग व्यवस्था लागू होने के बाद अब यातायात पहले की तुलना में अधिक सुचारु हो गया है और श्रद्धालुओं को जाम की समस्या से काफी राहत मिल रही है।
दरअसल, चारधाम यात्रा में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के कारण बद्रीनाथ और माणा क्षेत्र में पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था बड़ी चुनौती बन गई थी। माणा क्षेत्र में मास्टर प्लान के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की वजह से पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची थी, जिससे आए दिन लंबा जाम लग रहा था और यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
स्थिति को देखते हुए एसपी चमोली ने जिला प्रशासन, सेना और आईटीबीपी अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर नई व्यवस्था लागू करने की पहल की। एसपी ने माणा-घस्तौली मार्ग पर स्थित सेना और आईटीबीपी चेक पोस्ट को सरस्वती पुल के पास स्थानांतरित करने का प्रस्ताव रखा, ताकि अतिरिक्त पार्किंग स्पेस तैयार किया जा सके। सभी विभागों की सहमति के बाद चेक पोस्ट को स्थानांतरित किया गया और घस्तौली मार्ग पर व्यवस्थित तरीके से वाहनों की पार्किंग शुरू कर दी गई।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब घस्तौली मार्ग पर करीब 150 से 200 वाहन आसानी से पार्क हो पा रहे हैं। इसका सीधा असर यातायात व्यवस्था पर देखने को मिल रहा है। माणा क्षेत्र में जाम की स्थिति में काफी सुधार हुआ है और श्रद्धालुओं की यात्रा पहले से अधिक आसान और सुविधाजनक बन गई है।