उत्तराखण्डदेहरादून

उत्तराखंड रोडवेज का बड़ा डिजिटल कदम, अब WhatsApp से बुक होगी बस टिकट, QR कोड से होगा सफर आसान

देहरादून: उत्तराखंड परिवहन निगम यात्रियों को आधुनिक और डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। जल्द ही प्रदेश के यात्रियों को रोडवेज बसों की टिकट बुक करने के लिए टिकट काउंटर पर जाने या अलग से वेबसाइट खोलने की जरूरत नहीं होगी। परिवहन निगम एक नई WhatsApp आधारित टिकट बुकिंग सेवा शुरू करने की तैयारी कर रहा है, जिसके माध्यम से यात्री सीधे अपने मोबाइल पर WhatsApp के जरिए बस टिकट बुक कर सकेंगे। इस नई सुविधा से टिकट बुकिंग की प्रक्रिया पहले से अधिक आसान, तेज और सुविधाजनक बनने की उम्मीद है।

वर्तमान में उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में प्रतिदिन औसतन 90 हजार यात्री सफर करते हैं। अभी यात्रियों के पास टिकट प्राप्त करने के दो प्रमुख विकल्प हैं। पहला ऑनलाइन टिकट बुकिंग और दूसरा बस में यात्रा के दौरान परिचालक (कंडक्टर) से टिकट लेना। अब परिवहन निगम इन दोनों विकल्पों के साथ तीसरा डिजिटल विकल्प जोड़ने जा रहा है, जिससे यात्रियों को घर बैठे कुछ ही मिनटों में टिकट प्राप्त हो सकेगी। परिवहन निगम की योजना के अनुसार इसके लिए एक आधिकारिक WhatsApp नंबर जारी किया जाएगा। यात्री इस नंबर पर संदेश भेजेंगे, जिसके बाद उन्हें यात्रा से संबंधित आवश्यक जानकारी जैसे प्रस्थान स्थान, गंतव्य, यात्रा की तिथि और अन्य विवरण भरने का विकल्प मिलेगा। जानकारी दर्ज करने के बाद सिस्टम किराये की राशि के भुगतान के लिए QR Code उपलब्ध कराएगा। यात्री QR Code स्कैन कर ऑनलाइन भुगतान करेंगे और भुगतान सफल होते ही उनके WhatsApp पर QR आधारित ई-टिकट भेज दी जाएगी। नई व्यवस्था के तहत बस में यात्रा के दौरान कंडक्टर अपने हैंडहेल्ड डिवाइस से यात्री के WhatsApp पर प्राप्त QR आधारित ई-टिकट को स्कैन करेगा। स्कैन करते ही टिकट की पूरी जानकारी उसके डिवाइस पर दिखाई देगी, जिससे टिकट सत्यापन की प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और त्रुटिरहित हो जाएगी। इससे नकद लेन-देन की आवश्यकता भी कम होगी और यात्रियों को टिकट संभालकर रखने की झंझट से राहत मिलेगी।

परिवहन निगम ने स्पष्ट किया है कि इस सुविधा को प्रारंभिक चरण में केवल उन्हीं रोडवेज बसों में लागू किया जाएगा, जहां पहले से ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है। सेवा के सफल संचालन और तकनीकी परीक्षण के बाद इसे चरणबद्ध तरीके से अन्य बस सेवाओं तक भी विस्तारित किया जा सकता है। रोडवेज महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह के अनुसार इस नई डिजिटल व्यवस्था को विकसित करने के लिए राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के साथ तकनीकी स्तर पर आवश्यक चर्चा पूरी कर ली गई है। साथ ही मौजूदा ऑनलाइन टिकटिंग सिस्टम में आने वाली सर्वर संबंधी तकनीकी समस्याओं को भी दूर करने का काम किया जा रहा है, ताकि सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। गौरतलब है कि हाल ही में परिवहन मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को यात्रियों को बेहतर, आधुनिक और डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। उसी के तहत WhatsApp आधारित टिकट बुकिंग प्रणाली को जल्द शुरू करने की तैयारी तेज कर दी गई है। इस सुविधा के लागू होने के बाद यात्रियों को टिकट काउंटरों पर लंबी कतारों से राहत मिलेगी, टिकट बुकिंग प्रक्रिया अधिक सरल होगी और उत्तराखंड परिवहन निगम की सेवाएं डिजिटल इंडिया अभियान के अनुरूप एक नए दौर में प्रवेश करेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News