उत्तराखण्डदेहरादून

देहरादून में भारी बारिश का कहर, खाला बस्ती में सुरक्षा दीवार ढही, कई मकान क्षतिग्रस्त

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार सक्रिय मानसून का असर अब राजधानी देहरादून में भी साफ दिखाई देने लगा है। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच विजय कॉलोनी स्थित खाला बस्ती में एक सुरक्षा दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे में आसपास के कई मकानों को भारी नुकसान पहुंचा, जबकि एक महिला घायल हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के कारण सुरक्षा दीवार कमजोर हो गई थी। देर शाम अचानक दीवार ढहने से उसका मलबा पास के मकानों पर जा गिरा, जिससे दो से तीन मकान गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। कई परिवारों को तत्काल अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं। मलबे में फंसे लोगों की तलाश और राहत कार्य तुरंत शुरू किया गया। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद दून अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और जिलाधिकारी देहरादून भी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। प्रशासन को निर्देश दिए गए कि प्रभावित लोगों को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाए।

प्रशासन ने क्षेत्र में स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि लगातार बारिश के दौरान जर्जर दीवारों, ढलानों और संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं तथा मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें। उत्तराखंड में मानसून के सक्रिय रहने के चलते प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत स्थानीय प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष को देने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News