महाराष्ट्र, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ी सौगात दी है। टनकपुर–नांदेड साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन के शुरू होने से अब इन चार राज्यों के बीच सफर पहले से अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगा। इस नई ट्रेन से यात्रियों को सीधी रेल सुविधा मिलेगी, जिससे धार्मिक यात्रा, व्यापार, शिक्षा और नौकरी के लिए आने-जाने वाले लोगों को काफी फायदा होगा। रेलवे का मानना है कि यह सेवा चार राज्यों की रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगी।
रेलवे के अनुसार टनकपुर–नांदेड एक्सप्रेस का उद्घाटन विशेष ट्रेन के रूप में किया गया है। नियमित संचालन के तहत ट्रेन संख्या 17631 नांदेड–टनकपुर एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार को नांदेड से चलेगी, जबकि 17632 टनकपुर–नांदेड एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार को टनकपुर से रवाना होगी। यह साप्ताहिक ट्रेन दोनों राज्यों के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों के लिए एक बेहतर विकल्प बनेगी।
इस ट्रेन का रूट भी काफी महत्वपूर्ण है। यह टनकपुर से खटीमा, पीलीभीत, बरेली, मथुरा, आगरा कैंट, ग्वालियर, झांसी, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, खंडवा, अकोला, हिंगोली, पूर्णा होते हुए नांदेड पहुंचेगी। इससे उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कई प्रमुख शहर सीधे रेल नेटवर्क से जुड़ जाएंगे और यात्रियों का समय व खर्च दोनों कम होंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में एसी-2, एसी-3, स्लीपर, जनरल, पेंट्रीकार, लगेज और जनरेटर कोच की व्यवस्था की गई है। रेलवे को उम्मीद है कि यह नई एक्सप्रेस ट्रेन चार राज्यों के बीच यात्रा को अधिक आरामदायक बनाने के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास और पर्यटन को भी बढ़ावा देगी।