उत्तराखंड में फिर सक्रिय हुआ मानसून, भारी बारिश के अलर्ट के बीच कई जिलों में स्कूल बंद

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 9 और 10 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, तेज गर्जना और बिजली चमकने की संभावना है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए देहरादून और अल्मोड़ा जिलों में कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनवाड़ी केंद्रों में 9 जुलाई को अवकाश घोषित किया गया है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चम्पावत जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में कई स्थानों पर तेज बारिश और कुछ जगहों पर बहुत भारी वर्षा होने की आशंका जताई गई है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां भी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार 10 जुलाई को भी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट प्रभावी रहेंगे।
डीएम ने दिए सख्त निर्देश
देहरादून जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि खराब मौसम के दौरान बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है। सभी संबंधित विभागों और स्कूल प्रबंधन को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट मोड पर
राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, संवेदनशील मार्गों और नदी-नालों के आसपास निगरानी बढ़ाने को कहा गया है। राहत एवं बचाव दलों को भी तैयार रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।




