उत्तराखण्ड

रुड़की-मंगलौर हाईवे पर दो बड़े हादसे, दो कांवड़ियों की मौत

कांवड़ मेले के अंतिम चरण में डाक कांवड़ियों की बढ़ती संख्या और तेज रफ्तार के बीच रुड़की-मंगलौर बाईपास नेशनल हाईवे पर दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो शिवभक्त कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य दोपहिया वाहन सवार घायल हो गया। दोनों हादसों की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसों के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पहला और सबसे दर्दनाक हादसा ढंढेरी ख्वाजागीपुर गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि कोर कॉलेज से मंगलौर की ओर जाने वाले हाईवे पर दो कांवड़ियों की मोटरसाइकिलें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक बुलेट सवार कांवड़िया कई फीट तक हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरा। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे कांवड़िए को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली रुड़की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों मोटरसाइकिलों को भी कब्जे में ले लिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। इसी क्षेत्र में दूसरा सड़क हादसा रिकझिम ढाबे के पास हुआ। यहां एक कार और स्कूटी की टक्कर हो गई। दुर्घटना में स्कूटी सवार घायल हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। पुलिस घायल की पहचान और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी जुटा रही है।

कांवड़ मेले के अंतिम चरण में हरिद्वार और आसपास के हाईवे पर डाक कांवड़ियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। बड़ी संख्या में शिवभक्त मोटरसाइकिल, कार और अन्य वाहनों से अपने गंतव्य की ओर लौट रहे हैं। डाक कांवड़ की जल्द गंतव्य तक पहुंचने की होड़ में कई वाहन तेज रफ्तार से चलते हैं, जिससे सड़क हादसों का खतरा बढ़ जाता है। लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से कांवड़ियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से तेज गति से वाहन न चलाने, हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि आस्था के इस सफर में थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से यात्रा करें और अपनी तथा दूसरे लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News