उत्तराखण्ड

चारधाम यात्रा का आज मुख्यमंत्री धामी करेंगे श्रीगणेश, तीर्थनगरी से रवाना होगा पहला जत्था

देहरादून:-  उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध चारधामों की तीर्थ यात्रा करने वालों का इंतजार समाप्त हो गया है। गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुल रहे है। आज चारधाम यात्रा के प्रवेश द्वार तीर्थनगरी ऋषिकेश से तीर्थयात्रियों का पहला जत्था रवाना होगा। यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

इस वर्ष 22 अप्रैल को अक्षय तृतीय पर्व पर गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुल रहे हैं। जबकि तीन दिन बाद 25 अप्रैल को केदारनाथ धाम व 27 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुल जाएंगे। चारधाम यात्रा उत्तराखंड की महत्वपूर्ण यात्रा है। चारधाम यात्रा में देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु धामों के दर्शन के लिए पहुंचे हैं। चारधाम यात्रा के लिए आज तीर्थनगरी ऋषिकेश से तीर्थयात्रियों का पहला जत्था रवाना होगा। यात्रा का श्रीगणेश करने के लिए सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ऋषिकेश पहुंचेंगे। चारधाम यात्रा का संचालन करने वाली प्रमुख संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति की ओर से यात्रा के शुभारंभ पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है।

संयुक्त रोटेशन के अध्यक्ष संजय शास्त्री व कार्यकारी अध्यक्ष मनोज ध्यानी ने बताया कि शुक्रवार को हंस फाउंडेशन के संस्थापक भोले महाराज व मंगला माता की उपस्थिति में प्रात: साढ़े नौ बजे चारधाम यात्रा का आरंभ किया जाएगा। इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, सुबोध उनियाल, परिवहन मंत्री चंदन रामदास व महापौर अनीता ममगाईं भी उपस्थित रहेंगी।  चारधाम यात्रा के प्रवेश द्वार ऋषिकेश में इस बार पहली बार यात्रा ट्रांजिट कैंप से चारधाम यात्रा का संचालन किया जा रहा है। यहां यात्रा बस टर्मिनल कंपाउंड के समीप ही यात्रा ट्रांजिट कैंप तैयार किया गया है, जिसमें तीर्थयात्रियों के लिए पंजीकरण की भी व्यवस्था की गई है। सभी नागरिक सुविधाओं से युक्त यात्रा ट्रांजिट कैंप में चारधाम यात्रा से जुड़े विभिन्न विभागों को भी एक छत के नीचे लाया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News