उत्तराखण्ड

हरिद्वार में थार चालक की दबंगई! मेडिकल छात्रों और बस चालक को कुचलने की कोशिश, वीडियो वायरल

हरिद्वार:- रायवाला थाना क्षेत्र में हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर मोतीचूर फ्लाईओवर में सड़क पर हुए विवाद के बाद एक थार चालक पर मेडिकल कॉलेज के छात्रों और बस चालक को वाहन से कुचलने की कोशिश करने का आरोप लगा है। घटना के बाद आरोपी चालक थार लेकर मौके से फरार हो गया। पूरी घटना का वीडियो बस में मौजूद एक छात्रा ने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक थार चालक पहले बस चालक और कुछ छात्रों से बातचीत करता नजर आ रहा है। इसके बाद अचानक वह वाहन को तेज गति से उनकी ओर दौड़ा देता है। वाहन के अचानक आगे बढ़ने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और छात्रों व बस चालक ने किसी तरह खुद को बचाया।

नेपाली फार्म के पास से शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, मेडिकल कॉलेज के छात्रों को लेकर एक बस हरिद्वार की ओर जा रही थी। नेपाली फार्म के पास एक थार चालक कथित तौर पर बार-बार बस को ओवरटेक कर रहा था। इसके बाद मोतीचूर फ्लाईओवर पर पहुंचने के बाद दोनों वाहन चालकों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर बस से कुछ छात्र नीचे उतरे और मामले को शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान बस में मौजूद छात्राएं पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाने लगीं। आरोप है कि बातचीत के बीच अचानक थार चालक ने वाहन को बस चालक और वहां खड़े छात्रों की तरफ तेज रफ्तार से दौड़ा दिया।

छात्रों ने किसी तरह बचाई जान

थार को अचानक अपनी ओर आता देखकर छात्रों में हड़कंप मच गया। कई लोगों ने भागकर खुद को बचाया, जबकि कुछ लोग कथित तौर पर थार के बोनट पर भी चढ़ गए। बस में बैठी छात्राओं के बीच भी चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि घटना में बस चालक को चोटें आई हैं। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं आरोपी थार चालक घटना के बाद वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की तलाश

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। कनखल, हरिद्वार निवासी अस्पताल कर्मचारी प्राची शर्मा की तहरीर के आधार पर रायवाला थाने में अज्ञात थार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। रायवाला के वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय रावत ने बताया कि घटना शाम करीब सात बजे की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और वायरल वीडियो के आधार पर थार और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपी की पहचान होने के बाद उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटना के दौरान बस में मौजूद छात्राओं ने पूरे घटनाक्रम को मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया था। वायरल वीडियो में थार चालक को बस चालक और छात्रों की ओर वाहन बढ़ाते हुए देखा जा सकता है। पुलिस अब इसी वीडियो को जांच में अहम साक्ष्य के तौर पर इस्तेमाल कर रही है और आरोपी चालक की तलाश में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News