हरिद्वार में कुंभ मेला 2027 की तैयारियां अब तेज हो गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए हर की पौड़ी पर तीन अस्थायी रैंप बनाए जाने की तैयारी चल रही है। इन रैंपों के निर्माण पर करीब 139.60 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे और इन्हें दो महीने के भीतर तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
बताया जा रहा है कि हर की पौड़ी पर बनने वाले ये अस्थायी रैंप ब्रह्मकुंड में स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तैयार किए जाएंगे। साथ ही कुंभ मेले के दौरान भारी भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में भी ये रैंप अहम भूमिका निभाएंगे। प्रशासन के अनुसार इन अस्थायी रैंपों का निर्माण तीन स्टील सेतु पुलों के लिए किया जाएगा। संभावना है कि कुंभ मेला शुरू होने से करीब दो महीने पहले ये पूरी तरह तैयार हो जाएंगे।
इस बार कुंभ मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसी को देखते हुए प्रशासन पहले से ही व्यवस्थाओं को मजबूत करने में जुटा हुआ है। हर रैंप की लंबाई करीब 200 मीटर और चौड़ाई तीन मीटर होगी। परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।