IIT रुड़की में मॉर्निंग वॉक के दौरान हादसा, ई-रिक्शा की टक्कर से प्रोफेसर की पत्नी की मौत

रुड़की/देहरादून: IIT रुड़की परिसर में मॉर्निंग वॉक के दौरान हुए सड़क हादसे में एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान IIT रुड़की के प्रोफेसर पार्थ राय की पत्नी रूपा राय के रूप में हुई है। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल महिला का देहरादून के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था, जहां दो दिन बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, 21 सितंबर की सुबह करीब 50 वर्षीय रूपा राय मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। इसी दौरान सड़क पर पीछे से आ रहे एक ई-रिक्शा ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि महिला के सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही बेहोश हो गईं। घटना के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें देहरादून स्थित मैक्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया। दो दिन तक चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चलता रहा, लेकिन बुधवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने ई-रिक्शा चालक को हिरासत में लिया
हादसे के बाद हरिद्वार पुलिस ने ई-रिक्शा चालक को हिरासत में ले लिया है। आरोपी चालक की पहचान पंकज के रूप में बताई गई है। पुलिस ने हादसे में इस्तेमाल ई-रिक्शा को भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। महिला की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है। मामले में पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




