नैनीताल

तीन दिन के लंबे वीकेंड पर नैनीताल में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब, SSP ने बुलेट से लिया ट्रैफिक का जायजा

नैनीताल: तीन दिन के लंबे वीकेंड के चलते उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। नैनीताल, भीमताल और कैंची धाम समेत जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। पर्यटकों की बढ़ती संख्या के कारण सड़कों पर वाहनों का दबाव भी बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। जानकारी के मुताबिक, लंबे वीकेंड के पहले दिन शुक्रवार को ही करीब एक लाख पर्यटकों के नैनीताल जिले में पहुंचने की सूचना है। बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने के बाद नैनीताल और आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ रही है।

बुलेट पर सवार होकर ट्रैफिक व्यवस्था देखने निकले SSP

पर्यटकों की भीड़ के बीच नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी खुद सड़क पर उतरकर यातायात व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए। एसएसपी अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मी की बुलेट पर सवार होकर काठगोदाम से भीमताल तिराहे तक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सड़क पर वाहनों के दबाव, यातायात की स्थिति और पुलिस की तैनाती का निरीक्षण किया। एसएसपी ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को यातायात को व्यवस्थित रखने के साथ ही पर्यटकों की सुरक्षित और सुगम वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पर्यटकों की वापसी के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान

लंबे वीकेंड के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटकों के नैनीताल और आसपास के पर्यटन स्थलों पर पहुंचने के बाद अब पुलिस का फोकस उनकी सुरक्षित वापसी पर है। एसएसपी के मुताबिक शनिवार देर शाम से लेकर रविवार तक पर्यटकों की वापसी का दबाव बढ़ने की संभावना है। इसी को देखते हुए जिले में विशेष यातायात योजना लागू की गई है। पुलिस के अनुसार शनिवार शाम 5:30 बजे से रात 8 बजे तक और रविवार शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक नैनीताल और भीमताल से लौटने वाले पर्यटकों को प्राथमिकता के आधार पर बाहर निकालने की व्यवस्था की जाएगी। इस दौरान प्रमुख मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ाने के साथ ही ट्रैफिक के दबाव के अनुसार वाहनों का संचालन कराया जाएगा, ताकि पर्यटकों को लंबे जाम का सामना न करना पड़े।

नैनीताल और भीमताल जाने वाले पर्यटकों के लिए डायवर्जन

यातायात के बढ़ते दबाव को कम करने के लिए नैनीताल और भीमताल की ओर जाने वाले पर्यटकों के लिए भी रूट प्लान तैयार किया गया है। पुलिस के अनुसार पर्यटकों को फतेहपुर से वाया पटवाडांगर और कालाढूंगी मार्ग से भेजने की व्यवस्था की गई है। इस रूट प्लान का उद्देश्य प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव कम करना और ट्रैफिक को अलग-अलग रास्तों पर डायवर्ट करना है। पुलिस लगातार यातायात की स्थिति पर नजर रख रही है और आवश्यकता के अनुसार रूट में बदलाव भी किया जा सकता है।

शटल सेवा से कम होगा निजी वाहनों का दबाव

पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए शटल सेवा भी संचालित की जा रही है। इसका उद्देश्य पर्यटकों को प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंचाने के साथ-साथ निजी वाहनों की संख्या को नियंत्रित करना है। पुलिस और प्रशासन की कोशिश है कि अधिक से अधिक पर्यटक शटल सेवा का इस्तेमाल करें, जिससे प्रमुख पर्यटन मार्गों पर वाहनों का दबाव कम किया जा सके और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जा सके।

पुलिस की पर्यटकों से अपील

लंबे वीकेंड को देखते हुए पुलिस ने पर्यटकों से ट्रैफिक प्लान का पालन करने और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का सहयोग करने की अपील की है। साथ ही पर्यटकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और सड़क किनारे वाहन खड़े नहीं करने को कहा गया है।नैनीताल, भीमताल और कैंची धाम में बढ़ती पर्यटकों की संख्या के बीच पुलिस की चुनौती यातायात को नियंत्रित करने के साथ-साथ पर्यटकों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है। फिलहाल पुलिस की ओर से प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button