पवित्र गंगा नदी में डॉग बाथ को लेकर हंगामा, श्रद्धालुओं ने जताई नाराजगी

धर्म नगरी हरिद्वार से एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने आस्था और व्यवहार को लेकर नई बहस छेड़ दी है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो सर्वानंद घाट का है, जहां एक महिला अपने पालतू कुत्ते के साथ पहुंची थी। कुछ ही देर बाद वह अपने कुत्ते को पवित्र गंगा नदी में नहलाने लगी। यह देख वहां मौजूद श्रद्धालु नाराज हो गए और उन्होंने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लोग महिला को ऐसा करने से रोक रहे हैं और गंगा की पवित्रता का हवाला दे रहे हैं। वहीं महिला भी अपनी बात पर अड़ी नजर आती है, जिससे माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो जाता है।

स्थिति बिगड़ती देख महिला के परिवार वालों ने उसे समझाया, जिसके बाद वह कुत्ते को लेकर वहां से चली गई। हालांकि इस घटना ने लोगों की भावनाओं को आहत किया है और तीर्थ पुरोहितों ने भी इसकी कड़ी निंदा की है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वीडियो कब का है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे लेकर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कोई इसे आस्था के खिलाफ बता रहा है, तो कोई व्यक्तिगत स्वतंत्रता का मुद्दा बता रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *