उत्तराखण्ड

देहरादून में 500 किलो गौमांस के साथ तस्कर गिरफ्तार, बिजनौर से हो रही थी सप्लाई

उत्तराखंड में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रायवाला थाना पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक वाहन से करीब 500 किलोग्राम संदिग्ध गौवंशीय मांस बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार बरामद मांस उत्तर प्रदेश के बिजनौर से देहरादून लाया जा रहा था। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल वाहन को भी जब्त कर लिया है।

एसएसपी के निर्देश पर चल रहा है विशेष अभियान

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में अवैध और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रायवाला पुलिस नेपाली फार्म तिराहे पर नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी।

पुलिस को देखकर भागा वाहन चालक

चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हरिद्वार की ओर से एक संदिग्ध वैन आ रही है। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज रफ्तार से छिद्दरवाला की ओर भाग निकला। पुलिस टीम ने पीछा किया, इसी दौरान भागते समय वैन आगे चल रहे एक ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन के अंदर फंस गया, जिसे पुलिस ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला।

वाहन से मिले 10 कट्टों में 500 किलो मांस

वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को 10 कट्टों में लगभग 500 किलोग्राम संदिग्ध मांस मिला। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान मोहम्मद अमन पुत्र मोहम्मद सलीम के रूप में बताई। उसने पुलिस को बताया कि यह मांस बिजनौर निवासी फरमान नामक व्यक्ति से लेकर देहरादून के विभिन्न स्थानों पर पहुंचाया जाना था।

दो साथी मौके से फरार

आरोपी ने पूछताछ में यह भी बताया कि उसके दो अन्य साथी मोटरसाइकिल से वैन के पीछे-पीछे चल रहे थे। पुलिस कार्रवाई देखकर दोनों मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है।

पशु चिकित्साधिकारी ने की पुष्टि

बरामद मांस की जांच के लिए पशु चिकित्साधिकारी को मौके पर बुलाया गया। परीक्षण के दौरान उपलब्ध त्वचा, खुर और अन्य अंगों के आधार पर बरामद मांस के गौवंशीय होने की पुष्टि की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि अवैध मांस की सप्लाई देहरादून में किन-किन स्थानों पर की जानी थी। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता मिलने पर उनके खिलाफ भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News